सड़क पर छू रहे, मेट्रो में छेड़ रहे; दिल्ली में बेटियों ने डर के मारे रास्ते और सफर के साधन तक बदले

दिल्ली में सड़क से लेकर मेट्रो और बसों तक में महिलाएं यौन उत्पीड़न झेल रही हैं। शाम के समय यह घटनाएं सबसे अधिक होती हैं। यह बात एक शोध में सामने आई है। 300 से ज्यादा महिलाओं पर हुई स्टडी के मुताबिक, इस बचने को महिलाएं न केवल रास्ते बल्कि सफर का समय परिवहन के साधन तक बदल रही हैं। 

eve teasing in delhi
दिल्ली में महिलाओं से छेड़खानी की घटनाएं।

अभिनव उपाध्याय, नई दिल्ली

राजधानी दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन के साधनों में महिलाओं को यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। इसके कारण बड़ी संख्या में महिलाओं को अपने सफर का समय, रास्ता और परिवहन का साधन तक बदलना पड़ रहा है।

यह खुलासा अंतरराष्ट्रीय जर्नल ‘द ओरिएंटल एंथ्रोपोलॉजिस्ट’ में जुलाई में प्रकाशित शोधपत्र ‘द इफेक्ट्स ऑफ सेक्सुअल हैरेसमेंट इन पब्लिक ट्रांजिट स्पेसेज ऑन ट्रैवल बिहेवियर एंड वेल-बीइंग ऑफ यंग वुमन: एक्सपीरियंसेज फ्रॉम दिल्ली सिटी, इंडिया’ में हुआ है। यह शोधपत्र बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के शोधार्थी अटल द्विवेदी और रूही रावत ने तथा दून विश्वविद्यालय के शोधकर्ता अनिरुद्ध कुमार यादव सहित अन्य शोधार्थियों ने लिखा है।

शोध में 330 महिलाओं के सर्वेक्षण और 20 महिलाओं के विस्तृत साक्षात्कार और उनके अनुभवों को शामिल किया गया। अध्ययन में शामिल महिलाओं की उम्र 18 से 45 वर्ष के बीच थी। सर्वे में हिस्सा लेने वाली 38.78 फीसदी महिलाओं ने बताया कि उन्होंने सार्वजनिक परिवहन में खुद यौन उत्पीड़न का सामना किया। वहीं, 30.30 फीसदी महिलाओं ने किसी दूसरी महिला के साथ सार्वजनिक परिवहन में ऐसी घटना होते देखी। उन्होंने बताया कि कैसे उत्पीड़न के अनुभव और उसके डर ने उनके यात्रा करने के तरीके को प्रभावित किया।

शाम को सबसे ज्यादा मामले

समय के आधार पर शाम के समय 142 घटनाएं दर्ज की गईं। इसके बाद रात में 96, दोपहर में 86 और सुबह के समय 64 घटनाएं सामने आईं।

मानसिक सेहत पर असर

यौन उत्पीड़न के अनुभव का महिलाओं की मानसिक सेहत पर भी असर पड़ा। 30.70 फीसदी पीड़ित महिलाओं ने तनाव और एंग्जायटी की शिकायत की। 20.18% महिलाओं ने आत्मविश्वास कम होने की बात कही।

यौन उत्पीड़न के प्रकार और स्वरूप

गलत तरीके से छूना : 64.91 प्रतिशत

लगातार घूरना : 64.04 प्रतिशत

पीछा करना : 44.74 प्रतिशत

फब्तियां कसना : 40.35 प्रतिशत

बात करने की कोशिश : 39.47 प्रतिशत

अश्लील इशारे : 24.56 प्रतिशत

छिपकर देखना : 21.05 प्रतिशत

यौन संबंध की मांग : 13.16 प्रतिशत

कहां कितनी घटनाएं

मेट्रो में : 54.39 प्रतिशत

बस में : 51.75 प्रतिशत

पैदल चलते वक्त : 42.11 प्रतिशत

बस स्टॉप या मेट्रो स्टेशन : 41.23 प्रतिशत

शोधकर्ताओं ने ये प्रमुख सुझाव भी दिए

शोधकर्ताओं ने सार्वजनिक परिवहन को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने के लिए कुछ सुझाव भी दिए हैं...

● भीड़भाड़ वाले समय में बसों और मेट्रो ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाए जिससे महिलाओं को राहत मिले

● सुनसान इलाकों, बस स्टॉप और अंडरपास में सीसीटीवी कैमरों, पुलिस या मार्शल की तैनाती बढ़े

● कानून व्यवस्था में जवाबदेही तय की जाए

● सामुदायिक जागरुकता कार्यक्रमों के जरिए पुरुषों के व्यवहार में बदलाव की जरूरत

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsसड़क पर छू रहे, मेट्रो में छेड़ रहे; डर के मारे बेटियों ने जाने का टाइम तक बदला