Delhi Fire : दिल्ली के लोधी कॉलोनी के एक घर में लगी आग, मां और 2 बेटियों की जिंदा जलकर मौत

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दिल्ली में मंगलवार को लोधी रोड की बीके दत्त कॉलोनी के एक घर में तीसरी मंजिल पर आग लगने से 40 वर्षीय महिला और उसकी 2 बेटियों की मौत हो गई। घटना के समय पति और परिवार के सदस्य सेकेंड फ्लोर पर थे। महिला का पिछले 6 साल से मानसिक बीमारी का इलाज चल रहा था।

Delhi Fire : दिल्ली के लोधी कॉलोनी के एक घर में लगी आग, मां और 2 बेटियों की जिंदा जलकर मौत
Fire Brigade representative image

राजन शर्मा, नई दिल्ली

राजधानी दिल्ली की लोधी कॉलोनी थाना अंतर्गत आने वाली बीके दत्त कॉलोनी के एक घर में आग लगने से एक महिला और उसकी दो बेटियों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और सभी एंगल से इस मामले की जांच कर रही है।

दिल्ली फायर सर्विस ने बताया कि मंगलवार सुबह 10:21 बजे लोधी रोड पर चावला स्वीट्स के सामने बीके दत्त कॉलोनी के B-ब्लॉक स्थित एक घर में आग लगने की सूचना मिली थी। इस पर दमकल की तीन गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया।

तीसरी मंजिल पर मिले तीनों के शव

फायर विभाग के अधिकारी ने बताया कि मकान की तीसरी मंजिल पर एक फ्लैट में आग लगी थी और वहां 3 लोग मृत पाए गए हैं। दमकल विभाग ने बताया कि सुबह 11.10 बजे आग पर काबू पा लिया गया, जबकि आग को दोबारा भड़कने से रोकने के लिए कूलिंग ऑपरेशन जारी रहा। आग लगने का कारण भी तुरंत पता नहीं चल सका।

लोधी कॉलोनी थाना पुलिस के मुताबिक, मृतकों में एक महिला और 2 बच्चियां शामिल हैं, जिनकी पहचान 40 वर्षीय आकांक्षा शर्मा, 12 वर्षीय आराध्या शर्मा उर्फ मित्जी और 8 साल की मिहिका शर्मा उर्फ रिट्जी के रूप में हुई है। आकांक्षा के पति मोहित शर्मा पेशे से वकील हैं। पुलिस को घटना की शुरुआती जांच में पता चला है कि आकांक्षा शर्मा मानसिक रोगी थीं और 2020 से ही उनका इलाज चला रहा था। जिस वक्त घर में आग लगी उस समय मोहित और परिवार के अन्य सदस्य दूसरी मंजिल पर मौजूद थे।

क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी टीम ने मौके का मुआयना किया। अभी तक किसी गड़बड़ी के कोई संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी एंगल से जांच की जा रही है। आग लगने के सही कारण की जांच की जा रही है और आगे की जांच के बाद ही कुछ बताया जा सकेगा।

पश्चिमी दिल्ली की इमारत में आग से 8 लोगों को बचाया गया

बता दें कि, दिल्ली में आज आग लगने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले पश्चिमी दिल्ली के फतेह नगर स्थित एक रिहायशी इमारत के पार्किंग क्षेत्र में मंगलवार तड़के आग लगने के बाद 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।

दिल्ली फायर सेवा (डीएफएस) के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 3:50 बजे जेल रोड पर रणबीर बेकरी के पास फतेह नगर स्थित एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी। डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि उसने पार्किंग में खड़ी दो कारें, दो स्कूटर और ग्राउंड फ्लोर सहित तीन मंजिला रिहायशी इमारत के कुछ हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

दो एलपीजी सिलेंडर भी फटे

दमकल कर्मियों ने बताया कि आग बुझाने के दौरान घर के अंदर रखे दो एलपीजी सिलेंडर फट गए, हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। इमारत में मौजूद सभी 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सूचना पर शुरुआत में दमकल की 2 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, लेकि आग की तीव्रता बढ़ने पर कुछ और दमकल वाहनों को भी घटनास्थल पर रवाना किया गया। अधिकारी ने बताया कि सुबह 6:35 बजे आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

(भाषा के इनपुट के साथ)

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।