
होटल में मिली महिला की लाश, चेहरे पर खरोंच के निशान; गाजियाबाद में सनसनीखेज वारदात
गाजियाबाद के पटेल नगर स्थित एक होटल में महिला की हत्या कर दी गई। महिला के साथी ने पुलिस को कॉल कर सूचना दी कि वह महिला के साथ होटल में रुका था लेकिन अब वह उठ नहीं रही है।
गाजियाबाद के पटेल नगर स्थित एक होटल में महिला की हत्या कर दी गई। महिला के साथी ने पुलिस को कॉल कर सूचना दी कि वह महिला के साथ होटल में रुका था लेकिन अब वह उठ नहीं रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो महिला के चेहरे पर खरोंच के निशान मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की पसलियों में मल्टीपल फ्रैक्चर आए हैं। मामले में महिला के बेटे दक्ष ने सिहानी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
डीसीपी नगर धवल जायसवाल ने बताया कि रविवार को पुलिस को सेवानगर के रहने वाले प्रवीन ने फोन कर सूचना दी कि वह महिला मित्र आरती के साथ शनिवार रात होटल रॉयल किंग में आए थे लेकिन अब वह उठ नहीं रही है।
मौके पर पुलिस पहुंची और जानकारी कि पता चला कि 34 वर्षीय प्रवीन अपनी कोटगांव निवासी महिला मित्र 35 वर्षीय आरती के साथ होटल में आकर रूका था। पूछताछ में प्रवीन ने बताया कि दोनों में रात में किसी बात को लेकर नशे में झगड़ा हुआ। अब वह उठ नहीं रही है। डीसीपी ने बताया मौके पर आरती मृत अवस्था में मिली। टीम ने परीक्षण कराया तो आरती के चेहरे पर खरोंच के निशान मिले। डीसीपी ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आरती की पसलियों में मल्टीपल फ्रैक्चर इंजरी होने से उसकी मौत होने सामने आया है। इससे साफ है कि उसकी हत्या की गई है।
मामले में आरती के बेटे दक्ष की तहरीर पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जानकारी करने पर पता चला कि आरती की शादी सेवानगर निवासी रोहित कुमार से हुई थी लेकिन रोहित की दो साल पहले मौत हो गई थी। अब आरती को उसके ससुरालियों व परिजनों ने घर से निकाल दिया था।





