गुरुग्राम में महिला पार्टनर को पीट-पीटकर मार डाला, 6 साल से लिव-इन में रह रहा था
गुरुग्राम में एक महिला की उसके लिव इन पार्टनर ने हत्या कर दी। दोनों 6 साल के एक साथ रह रहे थे। किसी बात को लेकर उनके बीच बहस हुई थी। मूलरूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला युवक घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

गुरुग्राम में एक महिला की लिव इन पार्टनर ने हत्या कर दी। धर्म कॉलोनी में एक बस चालक ने महिला दोस्त को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। वह पिछले छह साल से महिला के साथ लिव इन रिलेशन में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मौके से डंडा, पाइप और बेलन बरामद किया है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला 33 साल का आकाश धर्म कॉलोनी के किराये के मकान में एक महिला के साथ लिव इन रिलेशन में रह रहा था। मामूली कहासुनी के बाद उसने महिला को पाइप, डंडे और बेलन से जमकर पीटा। महिला को अस्पताल दाखिल करवाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचीं और आकाश को गिरफ्तार कर लिया।
कहासुनी के बाद पीटा
पूछताछ में आकाश ने बताया कि वह मृतका के साथ साल 2020 से लिव इन रिलेशन में रह रहा था। वह बस चालक की नौकरी करता है। मंगलवार को किसी बात को लेकर उसकी मृतका से कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसने महिला को पीटा था। महिला के खून से लथपथ होने के बाद युवक भाग गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचीं और महिला को अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर सीन-ऑफ-क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम ने मौके पर पहुंचकर गहनता से जांच की और साक्ष्य एकत्रित किए।
एक-दूसरे को पति-पत्नी बताया था
घर के मालिक ने पुलिस को बताया कि उसने इस मकान को किराये पर दिया था। दोनों ने एक-दूसरे को पति-पत्नी बताया था। मंगलवार को शोर की आवाज सुनकर वह बाहर निकले तो उसने देखा कि आकाश मृतका के साथ मारपीट कर रहा था। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया है।
देह व्यापार के मामले में थाना प्रभारी पर गाज गिरी
सेक्टर-90 स्थित सफायर मॉल के 18 स्पा सेंटरों में देह व्यापार का मामला सामने आने के बाद थाना खेड़की दौला के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र को निलंबित कर दिया है। उनकी जगह पर निरीक्षक विनोद कुमार को नियुक्त किया है। सहायक पुलिस आयुक्त, मानेसर ने निलंबन की पुष्टि की है।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा ऊषा प्रिर्यदर्शनी की शिकायत पर 18 सितंबर को गुरुग्राम पुलिस ने सफायर मॉल में छापा मारकर 50 लोगों को गिरफ्तार किया था। इसमें एक युवती ने पुलिस को बताया था कि उसे जबरन देह व्यापार के धंधे में धकेला गया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सेक्टर-38 के एक पीजी में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था। पुलिस उच्चाधिकारियों को पता चला कि सफायर मॉल के स्पा सेंटरों में देह व्यापार लंबे समय से चल रहा था। इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते थाना खेड़की दौला के प्रभारी पर निलंबन की गाज गिरी है।


