
गाजियाबाद: धर्म छिपाकर शादी का झांसा, फिर दुष्कर्म और गर्भपात; महिला ने लगाया गंभीर आरोप
संक्षेप: गाजियाबाद में महिला से धर्म छिपाकर शादी का झांसा देने, फिर दुष्कर्म और गर्भपात का मामला सामने आया है। पीड़िता का वीडियो और शिकायत पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया है।
गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन क्षेत्र में एक महिला ने धर्म छिपाकर शादी का झांसा देने, दुष्कर्म करने और जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का वीडियो और शिकायत पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने अपने शिकायत पत्र में बताया कि उसके पति के जेल जाने के बाद वह अकेले रह रही थी। इसी दौरान एक युवक ने अपना धर्म छिपाकर उससे संपर्क साधा और मदद के नाम पर उसे शालीमार गार्डन क्षेत्र में एक फ्लैट किराए पर दिलाया। आरोप है कि आरोपी ने खुद को उसका पति बताकर आधार कार्ड भी तैयार कराया, जिससे उसे भरोसा हो गया।
शिकायत के अनुसार, जुलाई 2025 में आरोपी उस फ्लैट पर आया और शादी का झांसा देकर जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार उसके साथ गलत काम करता रहा। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने जबरन गर्भपात कराने की दवाई खिला दी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी खोड़ा कॉलोनी में रहता है और उसकी बहन भी इस पूरे मामले में साथ देती रही। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी और उसकी बहन उसे और उसके जेल में बंद पति को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। महिला का दावा है कि पुलिस से शिकायत करने पर भी उसे धमकाया गया और कार्रवाई न करने के लिए डराया जा रहा है।
रविवार को पीड़िता का वीडियो और पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में आ गया है। शिकायत की जांच की जा रही है और तथ्य सामने आते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।





