दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा DND? दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने NHAI को दिए ये 2 प्रस्ताव

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, आशीष गुप्ता
Follow us on Google News
share

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी को जाम से बचाने के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को लेकर दो अहम प्रस्ताव दिए हैं। इनमें से एक इसे डीएनडी से जोड़ने का भी है। इससे नोएडा और गाजियाबाद तक फायदा होगा।

Delhi-Mumbai Expressway

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के शुरू होने से पहले ही सराय काले खां में ट्रैफिक का दबाव और बढ़ने की चिंता सताने लगी है। इससे निपटने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक खास योजना बनाई है। इस योजना के तहत एक्सप्रेसवे से आकर पूर्वी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को सराय काले खां उतरे बिना वहां का रुख कराने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) को दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव सौंपे हैं।

नोएडा और पूर्वी दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों के लिए

वर्तमान व्यवस्था के तहत दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से उतरने के दो विकल्प हैं। एक रैंप वाहनों को सराय काले खां उतारेगा। दूसरा रैंप वाहनों का रुख महारानी बाग और आश्रम की ओर मोड़ेगा। ट्रैफिक पुलिस ने प्रस्ताव दिया है कि एक्सप्रेसवे के सराय काले खां पर उतरने वाले रैंप को 150 से 200 मीटर का लूप बनाकर डीएनडी फ्लाईओवर के नोएडा-मयूर विहार कैरिजवे से जोड़ दिया जाए। इससे नोएडा और पूर्वी दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को सराय काले खां पर आए बिना ही आगे बढ़ने का विकल्प मिलेगा।

गाजियाबाद जाने के लिए एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव

दूसरे प्रस्ताव में सराय काले खां के रैंप को एनएच-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए करीब 1.50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाने का विकल्प दिया, ताकि गाजियाबाद, आनंद विहार और पूर्वी दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन सीधे एनएच-9 और डीएमई पर पहुंच सकें।

बता दें कि, अभी 4 लाख से अधिक वाहन रोज इस एक्सप्रेसवे से गुजरते हैं। इस सफर के दौरान वाहन चालकों को 25 से 35 मिनट तक जाम का सामना करना पड़ता है।

संदीप गुप्ता, डीसीपी ट्रैफिक, दक्षिणी रेंज, ''एक्सप्रेसवे के रैंप को लूप के जरिये डीएनडी के नोएडा-मयूर विहार कैरिजवे और एलिवेटेड रोड से एनएच-9 से जोड़ने का सुझाव दिया है।''

1400km के सफर में कई राज्यों से गुजरेगा एक्सप्रेसवे

बता दें कि, भारत की सबसे बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना में से एक 1,400 किलोमीटर लंबा और आठ-लेन वाला दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे केंद्र सरकार द्वारा लगभग एक लाख करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। यह दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र राज्यों को जोड़ेगा। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली और मुंबई के बीच यात्रा को बहुत सुगम बना देगा और प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा।

120 की स्पीड से 24 घंटे वाली दूरी 12 घंटे में होगी पूरी

अधिकारियों के मुताबिक, एक्सप्रेसवे के पूरी तरह शुरू होने पर सड़क मार्ग के जरिये दिल्ली से मुंबई की दूरी मौजूदा 24 घंटे के मुकाबले महज 12 घंटे में तय की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि इस 8 लेन वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 120 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम रफ्तार से वाहन दौड़ाए जा सकेंगे।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर