Krishna Bihari Singh| लाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्ली |
Tue, 11 Feb 2025 05:03 AM हमें फॉलो करें![]()
![]()
Kaun Banega Delhi ka CM Highlights : दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में 27 साल बाद मिली बंपर जीत से गदगद भाजपा नेतृत्व ने अब नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर मंथन शुरू कर दिया है। नए मुख्यमंत्री पद की रेस में नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को हराकर विधानसभा पहुंचे प्रवेश वर्मा, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, रोहिणी से भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता, छह बार के भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट और सांसद मनोज तिवारी समेत कई नाम शामिल हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला भाजपा विधायक दल सर्वसम्मति और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की सहमति से होगा। नई सरकार की रूपरेखा को लेकर रविवार को दिनभर बैठकों का दौर चलता रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले चार दिनों तक विदेश यात्रा पर रहेंगे, इसलिए 14 फरवरी को उनके लौटने के बाद नए मुख्यमंत्री का चयन होने की संभावना है। रविवार को गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं नेताओं के साथ दिल्ली को लेकर विचार-विमर्श किया। भाजपा इस बार भी बिना कोई चेहरा घोषित किए विधानसभा चुनाव में उतरी थी। पढ़िए पल-पल के अपडेट
आप यमुना के श्राप के कारण हारे, आतिशी से बोले एलजी वीके सक्सेना
'आतिशी मार्लेना को हराने की साजिश कर रहे थे अरविंद केजरीवाल'
दिल्ली में AAP के लिए नई चुनौती, निगम की सत्ता बचाने को 3 सीटें जरूरी
10 Feb 2025, 09:48:46 PM IST
पार्टी का शीर्ष नेतृत्व डिसाइड करेगा सीएम- पूनम शर्मा
Kaun Banega Delhi ka CM Live : वजीरपुर सीट से नवनिर्वाचित भाजपा उम्मीदवार पूनम शर्मा ने कहा- पार्टी का शीर्ष नेतृत्व (सीएम चेहरे के बारे में) जो भी फैसला लेगा - वह काफी सोच-विचार के बाद लिया जाएगा। मैं एक छोटी सी पार्टी कार्यकर्ता हूं। मैं पीएम मोदी की सिपाही हूं, मेरी सीएम बनने की कोई इच्छा नहीं है। मैं खुश हूं कि एक बार पार्षद रही। मैं अब विधायक हूं। मेरी प्राथमिकता अपने निर्वाचन क्षेत्र के लिए काम करना होगी क्योंकि वहां के लोगों ने बहुत सारी समस्याओं का सामना किया है। आने वाले 5 वर्षों में मैं उनके लिए काम करूंगी।
10 Feb 2025, 06:35:15 PM IST
Kaun Banega Delhi ka CM Live : यह जीत करोड़ों कार्यकर्ताओं की- राजीव प्रताप रूडी
Kaun Banega Delhi ka CM Live : भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि भाजपा की यह जीत करोड़ों कार्यकर्ताओं की जीत है। इसकी शुरुआत हरियाणा से हुई, फिर महाराष्ट्र और अब दिल्ली, प्रधानमंत्री का अभियान देश के प्रति ईमानदारी को प्रदर्शित करता है। बिहार के नतीजे भी दिल्ली, हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे होंगे। बिहार केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी के साथ देश के साथ बहुत तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
10 Feb 2025, 05:16:25 PM IST
Kaun Banega Delhi ka CM Live : पीएम पर भरोसे ने जिताया चुनाव- करनैल सिंह
Kaun Banega Delhi ka CM Live : दिल्ली की शकूर बस्ती सीट से भाजपा के विजयी उम्मीदवार करनैल सिंह ने कहा कि मैं सत्येंद्र जैन के खिलाफ नहीं जीता, जनता जीती है। जनता का प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास जीता है। प्रधानमंत्री मोदी और दिल्ली के लिए प्रधानमंत्री के विजन पर जनता के भरोसे ने हमें दिल्ली चुनाव जिताया है।
10 Feb 2025, 04:13:41 PM IST
Kaun Banega Delhi ka CM Live : दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल के वादे से ज्यादा मोदी की गारंटी को महत्व दिया, भाजपा सांसद संजय जायसवाल
दिल्ली चुनाव परिणामों पर भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों मिलकर भी लड़ते तो हम और बड़े बहुमत से जीतते। कांग्रेस ने छद्म वेश धारण करके सिर्फ भाजपा के वोट काटे, आम आदमी पार्टी का कोई वोट नहीं काटा। सच तो यह है कि जनता ने अरविंद केजरीवाल के वादे से ज्यादा प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी को महत्व दिया।
10 Feb 2025, 02:33:05 PM IST
Kaun Banega Delhi ka CM Live : हम भाजपा की यमुना सफाई योजना का समर्थन करेंगे ताकि वे डुबकी लगा सकें: आप के अनिल झा
दिल्ली की किराड़ी विधानसभा क्षेत्र से 'आप' के विजयी उम्मीदवार अनिल झा ने कहा कि वे विपक्ष में रचनात्मक भूमिका निभाएंगे। वह यमुना नदी को साफ करने के भाजपा के संकल्प सहित जनता को लाभ पहुंचाने वाली पहलों का समर्थन करेंगे और पार्टी को उसके वादों के लिए जवाबदेह ठहराएंगे। यमुना नदी को साफ करने के भाजपा के हालिया संकल्प के बारे में बोलते हुए अनिल झा ने व्यंग्यात्मक रूप से कहा कि 'आप' इस प्रयास में सत्तारूढ़ पार्टी को अपना समर्थन देगी। झा ने कहा कि हम एक सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। कुछ भाजपा नेताओं ने कहा है कि वे 5-7 महीनों में यमुना नदी को साफ करेंगे और फिर नदी में डुबकी लगाएंगे। हम भी उनका समर्थन करेंगे ताकि वे यमुना नदी में डुबकी लगा सकें।
10 Feb 2025, 01:38:46 PM IST
Kaun Banega Delhi ka CM Live : भगवंत मान की सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है : तरुण चुघ
भाजपा नेता तरुण चुघ ने दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम पर कहा कि अरविंद केजरीवाल और 'आपदा' पार्टी को उनके भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी और आडंबर की राजनीति के लिए दिल्ली की जनता ने सजा दी है। अब पंजाब को भी ‘आपदा’ से मुक्ति चाहिए। पंजाब 'आप' का कुनबा है। पूरा पंजाब परजीवियों से हताश और निराश है। दिल्ली के नेता वहां माफियाओं को पनाह दे रहे हैं। भाजपा पंजाब में सशक्त विपक्ष की भूमिका निभा रही है। भगवंत मान की सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
10 Feb 2025, 01:34:14 PM IST
Kaun Banega Delhi ka CM Live : केंद्रीय नेतृत्व जो तय करेगा वही निर्णय फाइनल होगा : योगेंद्र चंदोलिया
भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री चेहरे पर कहा, "कयास तब तक लगाए जाते रहेंगे जब तक मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं आएगा। केंद्रीय नेतृत्व जो तय करेगा वही निर्णय फाइनल होगा। 13-14 तारीख के बाद नाम सामने आ जाएगा। हमारे सभी लोग बहुत काबिल हैं। 48 लोगों में से किसी को भी अगर पार्टी मुख्यमंत्री बनाती है तो हम उसी राह पर आगे चलेंगे।"
10 Feb 2025, 01:07:57 PM IST
Kaun Banega Delhi ka CM Live : दिल्ली में लोगों ने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताया : दिनेश शर्मा
भाजपा नेता दिनेश शर्मा ने कहा कि दिल्ली में लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताया है। पहले यूपीए था, उससे पहले कुछ और गठबंधन थे, अब इंडी गठबंधन बन गया है। मुझे नहीं पता कि वे कौन सा नया गठबंधन बनाएंगे, लेकिन अपनी हार और हताशा के बाद, मैं उनसे कहूंगा कि उन्हें मोदीजी की तरह मेहनती और सक्रिय होना चाहिए। आप घर बैठकर कोई निर्णय नहीं ले सकते।
10 Feb 2025, 12:26:51 PM IST
Kaun Banega Delhi ka CM Live : दिल्ली के सीएम चेहरा पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा : बंसुरी स्वराज
भाजपा सांसद बंसुरी स्वराज ने कह कि दिल्ली के सीएम चेहरा पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। भाजपा डबल-इंजन सरकार अब दिल्ली में बनाई जाएगी। मैं आप सभी को धन्यवाद और बधाई देती हूं।
10 Feb 2025, 11:49:55 AM IST
Kaun Banega Delhi ka CM Live : आतिशी एक मुख्यमंत्री के रूप में बहुत मेहनत कर रही थीं : प्रियंका चतुर्वेदी
शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने दिल्ली चुनाव पर बात करते हुए कहा कि हमें समझना चाहिए कि चुनाव एक बहुत ही लंबी प्रक्रिया है। बहुत से लोग अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए बहुत मेहनत करते हैं। आतिशी एक मुख्यमंत्री के रूप में बहुत मेहनत कर रही थीं और दोहरी जिम्मेदारी संभाल रही थीं। उन्होंने बहुत कठिन चुनाव भी लड़ा।
10 Feb 2025, 11:24:38 AM IST
Kaun Banega Delhi ka CM Live : दिल्ली चुनाव में आप-कांग्रेस की लड़ाई ने भाजपा को मदद की: सामना
शिवसेना (यूबीटी) ने सोमवार को दावा किया कि इंडिया ब्लॉक के सदस्य आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक-दूसरे से लड़ रहे हैं, जिसके कारण दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली। शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में यह भी सवाल उठाया गया है कि अगर विपक्षी दल भाजपा के बजाय एक-दूसरे के खिलाफ लड़ते रहेंगे, तो विपक्षी गठबंधन की क्या जरूरत है। भाजपा ने हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीटें जीतकर ‘आप’ को करारी शिकस्त दी है। ‘आप’ को केवल 22 सीटें मिलीं, जबकि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जैसे शीर्ष नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय राजधानी में एक भी सीट नहीं जीत पाई।
10 Feb 2025, 10:49:38 AM IST
Kaun Banega Delhi ka CM Live : चुनाव आयोग ने LG को दिल्ली के नवनिर्वाचित विधायकों की सूची सौंपी
चुनाव आयोग ने रविवार को दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना को विधानसभा चुनाव में नवनिर्वाचित विधायकों की लिस्ट की अधिसूचना की एक कॉपी सौंप दी है। इसी के साथ चुनाव आयोग ने चुनाव प्रक्रिया पूरी की और इसे स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव बताया।दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 48 सीट पर जीत हासिल की तो वहीं, आम आदमी पार्टी केवल 22 सीट ही हासिल कर पाई। वहीं, कांग्रेस लगातार तीसरी बार एक भी सीट नहीं जीत पाई। ‘आप’ ने 2020 के चुनाव में 62 और 2015 में 67 सीटें जीती थीं।
10 Feb 2025, 10:31:05 AM IST
Kaun Banega Delhi ka CM Live : अरविंद केजरीवाल कल दिल्ली में पंजाब के विधायकों से करेंगे मुलाकात
Kaun Banega Delhi ka CM Live : आम आदमी पार्टी (आप) ने आज बताया कि ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल कल दिल्ली में पंजाब के विधायकों से मुलाकात करेंगे। बैठक में पंजाब के सीएम भगवंत मान और दिल्ली चुनाव के लिए अलग-अलग इलाकों में प्रचार कर रहे पंजाब के विधायक भी मौजूद रहेंगे।
10 Feb 2025, 10:31:05 AM IST
Kaun Banega Delhi ka CM Live : दिल्ली के बाद बिहार में भी पीएम मोदी के नेतृत्व में NDA की मजबूत सरकार बनेगी : प्रवीण खंडेलवाल
दिल्ली से बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि दिल्ली के बाद बिहार में भी पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए की मजबूत सरकार बनेगी। मौजूदा बिहार सरकार बहुत बढ़िया काम कर रही है। पिछले 10 सालों में लोगों ने कई राज्यों में बीजेपी को दूसरा मौका दिया है। हम बिहार में भी मजबूत सरकार बनाएंगे।
10 Feb 2025, 10:31:05 AM IST
Kaun Banega Delhi ka CM Live : हरीश खुराना बोले- सीएम चेहरे का चुनाव संसदीय बोर्ड करेगा
दिल्ली की मोती नगर विधानसभा सीट से बीजेपी के विजयी उम्मीदवार हरीश खुराना ने कहा कि सीएम चेहरे का चुनाव संसदीय बोर्ड करेगा। हमारा काम लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना है, जिन्होंने हमें यह जनादेश दिया है।