गुरुग्राम के निजी स्कूल में ऐसा क्या हुआ कि अभिभावकों ने चेयरमैन पर कर दिया हमला; पुलिस तक पहुंच गई बात

Dec 19, 2025 09:49 pm ISTSourabh Jain हिन्दुस्तान टीम, साक्षी रावत, गुरुग्राम
share Share
Follow Us on

मारपीट के दौरान स्कूल स्टाफ के अन्य सदस्य भी घायल हो गए। घटना के बाद आरोपियों ने स्कूल बस को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। स्कूल प्रशासन की ओर से डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

गुरुग्राम के निजी स्कूल में ऐसा क्या हुआ कि अभिभावकों ने चेयरमैन पर कर दिया हमला; पुलिस तक पहुंच गई बात

गुरुग्राम के एक निजी स्कूल में फीस को लेकर शुरू विवाद इतना बढ़ गया कि बात धक्का-मुक्की से शुरू होकर खुलेआम हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि कुछ अभिभावकों ने स्कूल परिसर में घुसकर चेयरमैन पर हमला कर दिया। इस दौरान यह पूरी वारदात स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना बाल भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल की है। गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद कुछ अभिभावक अपने बच्चों की फीस जमा करने पहुंचे थे। इसी दौरान फीस को लेकर स्कूल प्रशासन और अभिभावकों के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर स्कूल स्टाफ ने उन्हें शांत रहने और परिसर छोड़ने को कहा, जिसके बाद मामला कुछ देर के लिए शांत हो गया।

साथियों को साथ लाकर चेयरमैन पर किया हमला

हालांकि आरोप है कि अभिभावक थोड़ी देर बाद अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा स्कूल लौटे और जबरन अन्दर परिसर में घुस गए। इस दौरान उन्होंने स्कूल चेयरमैन के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि हमलावरों ने स्कूल में रखी कुर्सियों और झाड़ू के डंडों से चेयरमैन पर वार किए।

मारपीट के दौरान स्कूल स्टाफ के अन्य सदस्य भी घायल हो गए। घटना के बाद आरोपियों ने स्कूल बस को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। स्कूल प्रशासन की ओर से डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

चेयरमैन बोले- आरोपी अभिभावकों पर पहले से लाखों बकाया

स्कूल चेयरमैन वीरेंद्र सिंह खटाना ने बताया कि जिन अभिभावकों ने यह हंगामा किया है, उन पर पहले से ही लाखों रुपए की फीस बकाया है। इसके बावजूद उन्होंने बातचीत या नियमों के दायरे में समाधान निकालने के बजाय दबंगई का सहारा लिया। उन्होंने कहा कि स्कूल में इस तरह की अराजकता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रशासन ने बिना देरी किए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

उधर भोंडसी थाना पुलिस ने स्कूल चेयरमैन की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज समेत सभी उपलब्ध सबूतों की जांच की जा रही है। भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं 115, 118(1), 333, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
;;;