उम्मीद है कि सद्बुद्धि आएगी; दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से कारोबार को नुकसान पर SC
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को 'कॉकरोच जनता पार्टी' द्वारा विरोध-प्रदर्शन के आह्वान के बाद नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) द्वारा कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को बंद करने के आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया।

सुप्रीम कोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन के खिलाफ तत्काल निर्देश जारी करने से इनकार कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने उम्मीद जताई कि प्रदर्शनकारी समझदारी से काम लेंगे और लोगों को कोई परेशानी नहीं होगी। हालांकि, व्यापारियों ने त्योहारों के सीजन में उनके कारोबार को नुकसान होने को लेकर चिंता जताई है।
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की बेंच ने इस मामले में कोई भी तत्काल निर्देश देने से मना कर दिया और उम्मीद जताई कि सभी संबंधित पक्षों में ‘सद्बुद्धि आएगी’ आएगी। सुप्रीम कोर्ट की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब व्यापारियों को त्योहारी सीजन के दौरान अपने कारोबार में नुकसान होने की चिंता सता रही है।
दिल्ली पुलिस ने नहीं दी अनुमति, सेंट्रल पार्क 2 दिन बंद
कॉकरोच पार्टी ने आज शाम कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में इकट्ठा होकर 'लहरा दो तिरंगा' मार्च निकालने का ऐलान किया है। दिल्ली पुलिस ने CJP को इस मार्च की अनुमति नहीं दी है और लोगों इससे दूर रहने की अपील की है। हालांकि, पुलिस ने कहा कि वह सीमित संख्या में लोगों के एक ग्रुप को किसी उपयुक्त स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की सुविधा दे सकती है। वहीं, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने घोषणा की है कि प्रशासनिक कारणों से सेंट्रल पार्क शुक्रवार और शनिवार को आम लोगों के लिए बंद रहेगा। यह घोषणा दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा सीजेपी को प्रदर्शन करने से रोकने से इनकार करने के बाद की गई है। इस प्रदर्शन की घोषणा सीजेपी नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को जंतर-मंतर पहुंचने के बाद गिरफ्तार किए जाने और एक विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट द्वारा पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद की गई।
पुलिस ने कहा कि शांति बनाए रखने तथा लोगों की जान और सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति की सुरक्षा के लिए इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है, जिसके तहत लोगों के एकत्र होने पर रोक है।
कनॉट प्लेस के व्यापारियों ने प्रदर्शनकारियों से की ये अपील
बता दें कि, 'न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन' (एनडीटीए) ने गुरुवार को राजनीतिक दलों और अन्य प्रदर्शनकारियों से विरोध प्रदर्शनों के लिए कनॉट प्लेस को बाधित नहीं करने और प्रदर्शन कहीं और करने की अपील की। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में CJP के शुक्रवार को आयोजित होने वाले 'लहरा दो तिरंगा' कार्यक्रम से पहले यह अपील की गई। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज के साथ पार्क में जुटने का आह्वान किया है।
व्यापारी संगठन ने कहा, "सभी राजनीतिक दलों और प्रदर्शनकारियों से अपील है कि हम आपके विरोध करने तथा अपनी आवाज उठाने के अधिकार का सम्मान करते हैं, लेकिन कनॉट प्लेस आपका मंच नहीं, हमारा कार्यस्थल है।"
संगठन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किए गए एक पोस्टर में लिखा, "आप बेहतर कल के लिए प्रदर्शन करते हैं, लेकिन हमारा आज बर्बाद न करें।"
एनडीटीए ने एक संदेश में कहा गया, "कृपया कनॉट प्लेस के अलावा कहीं भी प्रदर्शन करें।" एक अन्य संदेश में कहा गया, "आइए, कनॉट प्लेस को जीवंत बनाए रखें।"
(भाषा के इनपुट के साथ)

