Delhi Weather: एक नहीं लगातार 2 पश्चिमी विक्षोभ देंगे दस्तक; क्या दिल्ली में फिर होगी बारिश?
मौसम विभाग का कहना है कि इस हफ्ते दो पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों पर दस्तक देने वाले हैं। हालांकि दिल्ली एनसीआर में इस हफ्ते मौसम में गर्मी देखी जा सकती है। बारिश और कोहरे पर क्या अपडेट जानें…

मौसम विभाग की मानें तो एक के बाद एक लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने वाले हैं। पहला पश्चिम पश्चिमी विक्षोभ 29 जनवरी से जबकि दूसरा 1 फरवरी से एक्टिव होगा। इनके प्रभाव से 29 जनवरी से 1 फरवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है जबकि 30 जनवरी से 1 फरवरी के दौरान समीपवर्ती मैदानी इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान है।
दिल्ली एनसीआर की बात करें तो इस हफ्ते तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 27 जनवरी को सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर धुंध छाए रहने की संभावना है। दिन में आसमान साफ रहेगा। हल्की हवाएं चल सकती हैं जिनकी स्पीड 10 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की जा सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि 28 जनवरी से मौसम में तब्दीली नजर आ सकती है। सुबह के वक्त हल्का कोहरा छाने की संभावना है। शाम से आंशिक रूप से बादल नजर आ सकते हैं। हालांकि तापमान में कोई खास बदलाव आने की संभावना नहीं है। 29 जनवरी को सुबह में हल्का कोहरा नजर आ सकता है।
30 जनवरी को भी सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा नजर आ सकता है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शाम या रात में हल्का कोहरा देखा जा सकता है। 31 जनवरी को सुबह में हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शाम या रात में धुंध या हल्का कोहरा छाने की संभावना है।
पहली फरवरी को भी कमोबेश 31 जनवरी जैसा ही मौसम रहने का अनुमान है। 29 से लेकर 31 जनवरी तक अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कुल मिलाकर यदि देखें तो दिल्ली एनसीआर में इस पश्चिम विक्षोभ का ज्यादा असर होता नजर नहीं आ रहा है। इस हफ्ते दिल्ली एनसीआर में बारिश के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं।
कुल मिलाकर इस हफ्ते अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। इस हफ्ते दिल्ली एनसीआर में मौसम कुछ ऐसा नजर आ सकता है जैसे की ठंड जाने को हो। दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम 7.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही जबकि सुबह नौ बजे एक्यूआई 196 दर्ज किया गया। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और पंजाब के कुछ हिस्सों में 27 जनवरी को शीत लहर चलने की संभावना है।