पानी सप्लाई रोकी और सड़कें खोदी; AAP का बड़ा आरोप- गुजरात में पार्टी की जीत के बाद बदला ले रही भाजपा
मनीष सिसोदिया ने चेतर वसावा की पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'सत्ता की हवस में डूबे चौथी पास राजा ने गुजरात की जनता को भी दुश्मन मान लिया है… जिन गांवों में बीजेपी को वोट नहीं पड़ा, वहां राजा की सेना आतंक मचा रही है.. धिक्कार है इस घटिया सोच को।'

गुजरात में हाल ही में सम्पन्न हुए स्थानीय निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) ने जोरदार प्रदर्शन किया था और पहली बार नर्मदा जिला पंचायत और 12 तालुका पंचायतों में जीत दर्ज कर जोरदार प्रदर्शन किया था। इन चुनावों में पार्टी ने 350 से अधिक सीटें हासिल की हैं। वहीं इस सफलता के बाद अब पार्टी ने राज्य की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर एक बड़ा आरोप लगाया है। पार्टी कहना है कि निकाय चुनावों में जिन स्थानों पर भाजपा उम्मीदवार AAP प्रत्याशी से हार गए हैं, वहां पर भाजपा कार्यकर्ता स्थानीय लोगों से बदला ले रहे हैं और कहीं खंभे उखाड़कर तो कहीं सड़कें खोदकर लोगों को परेशान कर रहे हैं।
इस दौरान पार्टी विधायक चेतर वसावा ने BJP पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन चुनावों में हार के बाद भाजपा घटिया व नीच राजनीति पर उतर आई है। उधर उनकी इसी पोस्ट को शेयर करते हुए पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'गुजरात की जनता इसका जवाब देगी।'
'चुनाव में हार के बाद बौखलाई भाजपा'
पार्टी के विधायक चेतर वसावा ने इस बारे में सोशल मीडिया पर लिखा, ‘गुजरात में, जहां स्थानीय निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के सामने BJP उम्मीदवार हार गए हैं, वहां भाजपा घटिया पॉलिटिक्स पर उतर आई है। कुछ गांवों में जहां BJP बूथ हार गई है, वहां पानी की सप्लाई रोक दी गई, कुछ जगहों पर लाइट के खंभे उखाड़ कर घर ले गए, कुछ जगहों पर मंडली में दूध लेना बंद कर दिया, कुछ जगहों पर तलवार दिखाकर धमकाया गया, तो कुछ जगहों पर JCB लाकर गाँव की सड़क खोद दी गई।’
आगे उन्होंने लिखा, 'ऐसी नीच राजनीति ठीक नहीं, ये लोकतंत्र है। अगर पुरे गुजरात में भाजपा का सूपड़ा साफ होता तो भाजपाई क्या करते?' इससे पहले अपनी पार्टी की एक कार्यकर्ता का वीडियो शेयर करते हुए वसावा ने लिखा था, 'छोटा उदयपुर जिले में स्थानीय निकाय चुनाव में BJP कैंडिडेट की हार और आम आदमी पार्टी के कैंडिडेट की जीत के बाद धमोड़ी गाँव में BJP समर्थक JCB लेकर आए और गाँव का मुख्य RCC रोड को खोद डाला।'
इस वीडियो में पार्टी की वह महिला कार्यकर्ता कहती है, 'छोटा उदयपुर के धमोड़ी गांव में यह घटना सामने आई है। खूब निंदनीय और नीच राजनीति पर भाजपा वाले उतर आए हैं। इसका सबूत है यह सड़क, जो कि हाल ही में बनी थी, लेकिन आज कुछ भाजपा कार्यकर्ता जेसीबी लेकर आए और इस पूरी रोड को तोड़ गए, साथ ही यहां बड़ा गड्ढा भी खोद गए, ताकि बाइक वाले ना निकल सकें। तो इतनी ओछी और नीच राजनीति भाजपा वाले लोगों ने चालू कर दी है और वो लोग यहां लोगों भी धमका रहे हैं। वे महिलाओं को भी धमका रहे हैं।'
महिला बोली- जो सड़क खोदी, वह सरकारी पैसों से बनी थी
आगे उस महिला ने कहा, 'भाजपा कार्यकर्ताओं ने जो सड़क खोदी है, वह सरकारी ग्रांट के पैसों से बनी थी, कोई उनके घर के पैसों से नहीं बनी थी। साथ ही यह ग्रामीणों के आने जाने का रास्ता था, इनके घर का रास्ता नहीं था। तो इन लोगों ने ये जो गैर कानूनी काम किया है, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।'
सिसोदिया बोले- चौथी पास राजा ने गुजरात की जनता को भी दुश्मन मान लिया है
उधर मनीष सिसोदिया ने चेतर वसावा की पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'सत्ता की हवस में डूबे चौथी पास राजा ने गुजरात की जनता को भी दुश्मन मान लिया है… जिन गांवों में बीजेपी को वोट नहीं पड़ा, वहां राजा की सेना आतंक मचा रही है.. धिक्कार है इस घटिया सोच को।'
बता दें कि 28 अप्रैल को घोषित हुए स्थानीय निकाय चुनाव परिणामों में आम आदमी पार्टी ने वर्ष 2021 के चुनाव में जीती 69 सीटों के मुकाबले इस बार 350 से ज्यादा सीटें हासिल की हैं। भाजपा ने जहां सभी 15 नगर निगमों और 34 में से 33 जिला पंचायतों में जीत दर्ज की, वहीं AAP ने नर्मदा जिला पंचायत अपने नाम की।
पार्टी के गुजरात प्रभारी गोपाल राय ने दावा किया कि जिन क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी ने भाजपा के खिलाफ सीधे चुनाव लड़ा, वहां पार्टी दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं पर दबाव डाला गया और कई मामलों में उनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए, इसके बावजूद उम्मीदवारों ने मजबूती से चुनाव लड़ा।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


