दिल्ली में पानी के लिए फिर हाहाकार! कहीं 3 दिन से सप्लाई नहीं तो कई जगह टैंकरों पर मारामार

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दिल्ली में पानी की मांग और आपूर्ति में 250 एमजीडी का अंतर है। गर्मी के बीच यमुना में जल सूखने से इन दिनों 75 से 100 एमजीडी पानी सप्लाई और कम हो गई है। इससे दिल्ली में जल संकट बढ़ गया है।अनधिकृत कॉलोनियों के अलावा कई नियोजित कॉलोनियों में भी लोग पेयजल किल्लत का सामना कर रहे हैं।

दिल्ली में पानी के लिए फिर हाहाकार! कहीं 3 दिन से सप्लाई नहीं तो कई जगह टैंकरों पर मारामार

भीषण गर्मी के बीच दिल्ली में पेयजल संकट बढ़ गया है। अनधिकृत कॉलोनियों के अलावा कई नियोजित कॉलोनियों में भी लोग पेयजल किल्लत का सामना कर रहे हैं। दिल्ली में पहले से ही पानी की मांग और आपूर्ति में 250 एमजीडी का अंतर है। यमुना में जल सूखने के कारण इन दिनों 75 से 100 एमजीडी पानी आपूर्ति और कम हो गई है। कहीं तीन दिन में नलों में पानी पहुंच रहा है तो कहीं टैंकर के लिए सात दिन इंतजार करना पड़ रहा है। हिन्दुस्तान दिल्लीवालों को हो रही पानी की परेशानी को लेकर एक शृंखला शुरू कर रहा है। सोमवार को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में पेयजल आपूर्ति की पड़ताल की गई। पेश है पहली कड़ी...

श्रेष्ठ विहार : बोतल बंद पानी मंगाना पड़ रहा

आनंद विहार इलाके की श्रेष्ठ विहार कॉलोनी में पिछले तीन दिन से घरों में पानी नहीं आ रहा है। इसे लेकर आक्रोशित लोग आनंद विहार क्षेत्र में दिल्ली जल बोर्ड के दफ्तर तक शिकायत करने पहुंच गए। आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष एसके अग्रवाल ने बताया कि सभी प्रकार के कर देने के बाद पॉश इलाके में पानी नहीं मिल रहा। नहाने और घर के काम के लिए टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। पीने के लिए बोतल बंद पानी खरीदना पड़ रहा है। जब से गर्मी बढ़ी है, पानी की किल्लत विकराल हो गई है। कभी तीन दिन पानी नहीं आता, तो कभी पांच दिन तक सूखा रहता है। इस बारे में विधायक ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि पानी की कमी के कारण आपूर्ति में समस्या है। इसे हल करने के प्रयास हो रहे हैं।

जल बोर्ड का दावा

जल बोर्ड का कहना है कि वजीराबाद व चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को छोड़कर अन्य सभी संयंत्रों से पानी की सप्लाई क्षमता के अनुरूप हो रही है। चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से भी पांच से दस प्रतिशत ही कम पानी आपूर्ति हो रही है। सिर्फ वजीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट यमुना में पानी नहीं होने से अधिक प्रभावित है।

विपक्ष का आरोप

जल संकट को लेकर आप ने सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी का कहना है कि गर्मी से परेशान लोग पानी न आने से बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। जिन इलाकों में पानी पहुंच रहा है, वहां भी सीवेज मिला बदबूदार पानी आ रहा है। पार्टी ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो भी साझा किया।

water crisis

ओखला फेज-2 : तीन महीने से एक टैंकर के भरोसे 50 से ज्यादा परिवार

चिलचिलाती गर्मी के बीच ओखला फेज-2 स्थित जीवन ज्योति राजीव कॉलोनी के निवासी बूंद-बूंद पानी के लिए मोहताज हैं। इलाके में पिछले तीन महीने से पानी की सामान्य आपूर्ति प्रभावित है। इस वजह से कॉलोनी में लोग पानी के लिए टैंकरों के भरोसे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां रोज सुबह सात बजे मात्र एक टैंकर आता है, जिस पर 50 से अधिक घरों के सैकड़ों लोगों की लंबी लाइन लग जाती है। पानी के लिए मारामारी रहती है। कभी किसी को पानी मिल पाता है, तो कभी खाली बर्तन लेकर ही घर लौटना पड़ता है। दिहाड़ी मजदूरी करके गुजारा करते हैं, उस पर पानी भी खरीदने पर बुरी हालत हो जाती है।

तीन मटकों वाला स्टॉल बना सहारा : गर्मी से राहत देने के लिए इलाके में तीन टोटी वाले मटके और मग के साथ एक जल स्टॉल लगाया गया है। यह सुविधा लोगों के लिए बड़ी राहत है। हालांकि, यह आशंका भी बनी हुई है कि इलाके के नशेड़ी इस व्यवस्था को सुरक्षित नहीं रहने देंगे।

संगम विहार : एक सप्ताह के लिए करना पड़ता संग्रह

संगम विहार कॉलोनी के एच ब्लॉक की गली नंबर 16 में पानी की पाइप लाइन अब तक नहीं पहुंच पाई है। लोगों की पेयजल की जरूरतें पूरी तरह टैंकर पर निर्भर है। स्थानीय निवासी एसएम खान ने बताया कि पानी का टैंकर भी हर दिन या हर दूसरे दिन भी नहीं आता है। अभी एक-एक सप्ताह पर जल बोर्ड का टैंकर आता है। एक टैंकर से तीन-चार घरों के लोगों को पानी भरना होता है। एक सप्ताह की जरूरत के मुताबिक पानी स्टोर करने की व्यवस्था करके रखना आसान नहीं होता।

हर्ष विहार : तीन सप्ताह से आ रहा है दूषित पानी

हर्ष विहार क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पानी की गंभीर किल्लत बनी हुई है। सुबह और शाम के समय पानी आपूर्ति का समय निर्धारित है लेकिन तीन सप्ताह से कई बार गंदा व बदबूदार पानी आता है। ऐसी स्थिति में लोगों को मजबूरी में पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। स्थानीय निवासी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पानी इतना खराब है कि उसे पीना तो दूर, उससे नहाना और बर्तन धोना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में लोग बाजार से बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हैं।

संजय कैंप, चाणक्यपुरी : सड़क की ओर खाली डिब्बे लेकर आते नजर आए लोग

चाणक्यपुरी के संजय कैंप कैंप में रहने वाले लोग पानी के इंतजार में बैठे दिखे। जैसे ही किसी ट्रक की आवाज आती है तो लोग सड़क की ओर खाली बर्तनों को लेकर आते दिखे। लोगों ने घरों के बाहर खाली डिब्बे रखे हुए हैं कि अगर पानी का टैंकर आता है तो वह जल्द से जल्द पानी भर लें। कैंप में रहने वाले कुछ लोग बोरवेल से पानी भरते नजर आए। यहां कतार में लगकर लोग पानी भरने का इंतजार कर रहे थे। लोगों का आरोप है कि सभी लोगों को पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। सूरज ने बताया कि बोरवेल का पानी सभी लोग नहीं पीते, ऐसे में वह टैंकर के भरोसे रहते हैं। उन्होंने कहा कि पानी के इंतजार में वह रोजाना काम पर भी देरी से पहुंच रहे हैं।

स्थानीय निवासी निर्मला ने कहा कि तीन दिन से पानी नहीं मिला है। घर पर छोटे बच्चे हैं, ऐसे में बाहर से बोतल बंद पानी खरीदने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि रोजाना 120 रुपये का पानी खरीद कर पीना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि इस वर्ष सबसे अधिक पानी की परेशानी हो रही है।

कलावती, निवासी, जीवन ज्योति राजीव कॉलोनी, ओखला फेज-2 ''अगर अपना पाइप नहीं है तो टैंकर से पानी नहीं मिल पाता है। पानी भरने के लिए रोज एक नई जंग लड़नी पड़ती है।''

सुफल मंडल, निवासी, जीवन ज्योति राजीव कॉलोनी, ओखला फेज-2 ''तीन महीने से नल से पानी नहीं आ रहा। पानी के बिना कोई काम नहीं हो पाता। टैंकर के इंतजार में ही सुबह निकल जाती है।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।