सगाई में फोटो नहीं खींचा तो गुस्से में वेटर को मार दी गोली, ग्रेटर नोएडा में हैरान करने वाली घटना

हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
Follow us on Google News
share

ग्रेटर नोएडा के बिसरख गांव में एक सगाई समारोह में फायरिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि फोटो नहीं खींचने पर एक युवक ने कथित तौर पर वेटर को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से घायल हुए वेटर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।  

gun shot on businessman

ग्रेटर नोएडा के बिसरख गांव में एक सगाई समारोह में फायरिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि फोटो नहीं खींचने पर एक युवक ने कथित तौर पर वेटर को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से घायल हुए वेटर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। यह घटना बुधवार रात की है। पुलिस ने फायरिंग करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार किया कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, बिसरख गांव में बुधवार को अंकित भाटी की सगाई समारोह का कार्यक्रम चल रहा था। गाजियाबाद के रिस्तल गांव का रहने वाला युवक दुर्गेश भी सगाई समारोह में शामिल होने के लिए आया था। उसके पास अवैध पिस्तौल थी। दुर्गेश और उसके साथी शराब के नशे में थे।

कार्यक्रम के समापन के दौरान वेटर सामान समेट रहे थे। इसी बीच दुर्गेश ने एक वेटर पुष्पेंद्र से फोटो खींचने के लिए कहा। पुष्पेंद्र ने एक फोटो खींच दिया। इसके बाद दुर्गेश ने कहा कुछ फोटो और वीडियो और बना दो। सामान समेटने में देरी होने की वजह से पुष्पेंद्र ने फोटो और वीडियो बनाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर गुस्साए दुर्गेश ने अपने साथ लाई गई पिस्तौल से फायरिंग कर दी। गोली वहां खड़े पुष्पेंद्र के पेट से रगड़ते हुए निकल गई। पुष्पेंद्र लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इस बीच सगाई समारोह में भगदड़ मच गई। लोगों ने घायल वेटर को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

आरोपी को गिरफ्तार कर अवैध पिस्तौल बरामद की गई : एडीसीपी

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आरके गौतम ने बताया कि पुलिस ने आरोपी दुर्गेश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से अवैध पिस्तौल बरामद की गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ आवश्यक करवाई जाएगी।

टशन के लिए लेकर आया था पिस्टल

पुलिस की छानबीन में पता चला है कि आरोपी दुर्गेश शादी समारोह में टशन दिखाने के लिए अपने साथ अवैध पिस्तौल लेकर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह नशे में था और सगाई समारोह में पिस्तौल दिखाकर वीडियो बनवा रहा था। आरोपी ने कई बार वेटर को उसका फोटो खींचने और वीडियो बनाने के लिए कहा था। इससे वेटर परेशान हो गया था। उसकी बात नहीं मानने पर टशनबाजी में आरोपी ने फायरिंग की थी। पुलिस घटना के दौरान सगाई समारोह में बनाई जा रही वीडियो भी देख रही है, जिसमें पता चल सके कि आरोपी ने किस तरह से फायरिंग की थी। इसके साथ ही पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsग्रेटर नोएडा में सगाई समारोह में फोटो नहीं खींचा तो गुस्से में वेटर को मारी गोली