
MCD उपचुनाव : वोटर्स को मतदान केंद्र पर मिलेगी यह नई सुविधा, दिल्ली में पहली बार होगा ऐसा
दिल्ली के एमसीडी उपचुनाव में इस बार मतदाताओं को पहले से ज्यादा सहूलियतें मिलेंगी। अब अगर मतदाता मोबाइल फोन लेकर मतदान करने जाएंगे तो उन्हें परेशान नहीं होना पड़ेगा। राज्य निर्वाचन आयोग प्रत्येक मतदान केंद्र पर मोबाइल फोन जमा कराने के लिए स्टोरेज सेंटर बनाएगा।
दिल्ली के 12 वार्डों में 30 नवंबर को होने वाले एमसीडी उपचुनाव में इस बार मतदाताओं को पहले से ज्यादा सहूलियतें मिलेंगी। अब अगर मतदाता मोबाइल फोन लेकर मतदान करने जाएंगे तो उन्हें परेशान नहीं होना पड़ेगा। राज्य निर्वाचन आयोग प्रत्येक मतदान केंद्र पर मोबाइल फोन जमा कराने के लिए स्टोरेज सेंटर बनाएगा। दिल्ली में यह पहली बार है जब मतदाताओं के लिए ऐसे सेंटर बनाए जाने का फैसला लिया गया है।

दरअसल, मतदान के दिन निर्वाचन आयोग की ओर से पिंक बूथ, मॉडल बूथ पर सेल्फी पॉइंट बनाए जाते हैं। बड़ी संख्या में लोग सेल्फी लेने के लिए मोबाइल लेकर मतदान केंद्र पर पहुंचते हैं, लेकिन मोबाइल मतदान केंद्र के अंदर ले जाने की इजाजत नहीं मिलती। ऐसे में मोबाइल रखने की जगह न मिलने पर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अकेले मतदान केंद्र पर पहुंचने वाले मतदाता न तो मोबाइल लेकर अंदर जा सकते हैं और न ही उसे किसी के भरोसे बाहर छोड़ सकते हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में मतदाता मतदान के बिना ही लौट जाते हैं। इसी परेशानी को देखते हुए इस बार आयोग ने यह फैसला लिया है।
मतदाता सूची में अब नहीं जुड़ सकेंगे नाम
निगम के 12 वार्डों के लिए होने वाले उपचुनाव में वे मतदाता ही मतदान में हिस्सा ले सकेंगे जिन्होंने एक नवंबर से पहले मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर दिया था। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के मुताबिक नामांकन की अंतिम तारीख से 10 दिन पहले मतदाता सूची फ्रीज कर दी जाती है। ऐसे में अब अगर कोई मतदाता आवेदन करेगा भी तो उसका नाम सूची में शामिल नहीं हो पाएगा।
जनवरी की सूची के आधार पर ही वोटिंग
चुनाव से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि नामांकन के अंतिम दिन तक पूरक मतदाता सूची भी तैयार हो जाएगी। उन्होंने बताया कि इस उपचुनाव के लिए एक जनवरी 2025 को प्रकाशित हुई मतदाता सूची को आधार बनाया गया है। हालांकि, प्रत्येक तीसरे महीने मतदाता सूची को अपडेट किया जाता है। हालांकि, मतदान जनवरी की सूची के आधार पर ही कराया जाएगा।





