विकास दिव्यकीर्ति की फर्जी प्रोफाइल और वीडियो पर दिल्ली HC सख्त, यूट्यूब-इंस्टा को हटाने के निर्देश
दिल्ली हाईकोर्ट ने Drishti IAS के संस्थापक विकास दिव्यकीर्ति के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल करने वाले फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, चैनल और डीपफेक सामग्री को हटाने के निर्देश दिए हैं। मामले में कथित तौर पर उनके नाम से बेटिंग और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के प्रचार वाले वीडियो भी सामने आए।

दिल्ली हाईकोर्ट ने Drishti IAS के संस्थापक विकास दिव्यकीर्ति की पहचान का कथित तौर पर बिना अनुमति इस्तेमाल करने वाले ऑनलाइन कंटेंट के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने यूट्यूब और इंस्टाग्राम समेत अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म को निर्देश जारी किए है। इन निर्देशों में उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर बनाए गए फर्जी प्रोफाइल और चैनलों के साथ-साथ कुछ डीपफेक सामग्री को हटाने के लिए कहा गया है। मामला विकास दिव्यकीर्ति की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया है।
जस्टिस एजे भंभानी ने मामले की सुनवाई करते हुए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिव्यकीर्ति के नाम, फोटो और पहचान के कथित दुरुपयोग से जुड़े कंटेंट पर निर्देश दिए। याचिका में आरोप लगाया गया था कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट और चैनल उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर बनाए गए हैं। इसके अलावा कुछ ऐसे वीडियो भी सामने आए, जिनमें उन्हें कथित तौर पर बेटिंग और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म का प्रचार करते हुए दिखाया गया था। दिव्यकीर्ति का कहना है कि ऐसे वीडियो उनकी अनुमति के बिना बनाए या बदले गए हैं।
सुनवाई के दौरान उनके वकील ने कोर्ट को उनकी ऑनलाइन लेक्चर के कुछ वीडियो और क्लिप भी दिखाए। दलील दी गई कि कुछ वीडियो को एडिट कर या अलग कैप्शन के साथ इस तरह पेश किया गया कि मूल लेक्चर से अलग अर्थ निकलने लगा। मामले की सुनवाई के दौरान डीपफेक और डिजिटल कंटेंट तैयार करने वाले टूल्स को लेकर भी चर्चा हुई। जस्टिस भंभानी ने चिंता जताई कि ऐसे शक्तिशाली डिजिटल टूल आसानी से उपलब्ध हैं, जबकि उनका इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की पहचान करना हमेशा आसान नहीं होता।
मेटा की ओर से पेश वकील वरुण पाठक ने कहा कि किसी यूजर द्वारा किसी फीचर के गलत इस्तेमाल के लिए हर स्थिति में प्लेटफॉर्म को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने यह भी दलील दी कि प्लेटफॉर्म कानून में निर्धारित आवश्यकताओं से ज्यादा यूजर की पहचान संबंधी जानकारी एकत्र नहीं कर सकते। दिव्यकीर्ति की ओर से सीनियर एडवोकेट दिया कपूर ने ऐसे डिजिटल फीचर्स का भी उल्लेख किया, जिनके जरिए किसी व्यक्ति के वीडियो का इस्तेमाल कर उस पर अपना प्रदर्शन जोड़ा जा सकता है। उनका कहना था कि इससे मौजूदा सामग्री को दूसरे संदर्भ में पेश किया जा सकता है।


