
दिल्ली की अदालत ने शख्स को किया रेप के आरोपों से बरी, कहा- पीड़िता को सबकुछ पता था फिर भी उसने...
आरोपी की तरफ से पेश हुए वकील प्रदीप नागर ने अदालत में दलील दी कि अभियोजन पक्ष द्वारा लगाए गए रेप का कोई भी अपराध आरोपी के खिलाफ नहीं बनता है, क्योंकि आरोपी और शिकायतकर्ता साल 2017 से आपसी सहमति से और लंबे समय से रिलेशनशिप में थे।
दिल्ली की एक अदालत ने एक शादीशुदा और एक बच्चे के बाप को रेप के आरोपों से बरी कर दिया है। फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने कहा कि शिकायतकर्ता ने आरोपी के साथ सहमति से संबंध बनाए थे, जबकि उसे यह बात पता थी कि आरोपी शादीशुदा है, लेकिन इसके बाद भी उसने उसके साथ प्रेम संबंध रखा और यौन सम्पर्क भी किया। साथ ही कोर्ट ने शिकायतकर्ता की उस बात को भी नहीं माना, जिसमें उसने आरोपी पर शादी का झांसा देने का आरोप लगाया था।
कोर्ट ने कहा कि दोनों एक-दूसरे को बीते 8 साल से जानते हैं, इस बीच आरोपी की शादी भी हुई, लेकिन तब महिला ने शादी के झूठे वादे की शिकायत दर्ज नहीं कराई। जिसके बाद एडिशनल सेशंस जज (ASJ) प्रियंका भगत ने आरोपी मोहित के खिलाफ आरोप तय करने से इनकार कर दिया और उसे रेप के आरोपों से बरी कर दिया। इस बारे में दिल्ली पुलिस ने साल 2025 में तिमारपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया था।
'आरोपी ने झूठा वादा कर बनाए संबंध'
शिकायतकर्ता महिला का आरोप था कि शख्स ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और अपनी पत्नी से तलाक भी ले लिया, लेकिन इसके बाद भी वह मुझसे किए शादी के वादे से मुकर गया। शिकायतकर्ता महिला आरोपी की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के संपर्क में भी थी। आरोपी का शादी से एक बच्चा भी है।
'सिर्फ आरोपी के कहने पर मान ली तलाक की बात'
ASJ प्रियंका भगत ने युवक को बरी करने का आदेश जारी करते हुए कहा, 'यह मुमकिन नहीं है कि शिकायतकर्ता ने सिर्फ शादी के वादे पर और आरोपी के यह कहने पर कि उसने तलाक ले लिया है, आरोपी के साथ दोबारा फिजिकल रिलेशन बनाए हों। जबकि वह आरोपी के परिवार से अच्छी तरह से जुड़ी हुई थी और इसके बावजूद उसने तलाक की बात की पुष्टि नहीं की।'
‘महिला ने अपनी तरफ से नहीं की आरोपी के तलाक की पुष्टि’
कोर्ट ने यह भी कहा कि, हमने इस बात को भी ध्यान में रखा है कि शिकायतकर्ता ने नवंबर 2023 में आरोपी के खिलाफ पीछा करने के अपराध के संबंध में पहले ही FIR दर्ज कराई थी, लेकिन उसमें रेप का जिक्र नहीं किया था। साथ ही कोर्ट ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि आरोपी के परिवार से संपर्क में होने के बाद भी शिकायतकर्ता उसके तलाक की बात की पुष्टि नहीं कर सकी।
'आरोपी और शिकायतकर्ता 2017 से रिलेशनशिप में'
उधर आरोपी मोहित की तरफ से पेश हुए वकील प्रदीप नागर ने अदालत में दलील दी कि अभियोजन पक्ष द्वारा लगाए गए रेप का कोई भी अपराध आरोपी के खिलाफ नहीं बनता है, क्योंकि आरोपी और शिकायतकर्ता साल 2017 से आपसी सहमति से और लंबे समय से रिलेशनशिप में थे।
'पहली बार रिलेशन बनाते समय शिकायतकर्ता शादीशुदा थी'
नागर ने आगे दलील देते हुए कहा कि पहली नजर में रिकॉर्ड पर रखे गए सबूतों से यह बिल्कुल भी साबित नहीं होता है कि शिकायतकर्ता ने इस गलतफहमी में आरोपी के साथ यौन संबंध बनाए थे कि आरोपी उससे शादी करेगा, क्योंकि शिकायतकर्ता पहले से शादीशुदा थी और उसकी शादी उस दिन भी कायम थी जब उसने आरोपी के साथ पहली बार फिजिकल रिलेशन बनाया था।
'जब आरोपी की शादी हो रही थी तब महिला चुप रही'
आरोपी के वकील द्वारा यह दलील भी दी गई कि उनकी रिलेशनशिप के दौरान ही साल 2020 में आरोपी की शादी हुई, जिससे उसका एक बच्चा भी है। हालांकि, जब किसी और लड़की के साथ आरोपी शादी कर रहा था उस समय शिकायतकर्ता ने कोई आपत्ति नहीं जताई, जिससे यह और साबित होता है कि आरोपी और शिकायतकर्ता के बीच फिजिकल संबंध आपसी सहमति से थे, न कि शादी के वादे के झांसे की वजह से बने थे।
'FIR कराने के बाद भी शिकायतकर्ता संबंध बनाती रही'
साथ ही आरोपी के वकील ने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता ने पहले ही 9 सितंबर साल 2023 को एक FIR दर्ज कराई थी, और उस FIR में रेप का कोई आरोप नहीं हैं। इसके अलावा उन्होंने यह तर्क भी दिया कि FIR दर्ज होने के बाद भी शिकायतकर्ता अगस्त 2024 तक आरोपी के साथ शारीरिक संबंध बनाती रही।

लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।




