वर्टिकल स्टैक पार्किंग-एलिवेटेड ट्रेल; गाजियाबाद में स्मार्ट सिटी की इन 5 योजनाओं पर जल्द शुरू होगा काम

हिन्दुस्तान, गाजियाबाद, दीपक सिरोही
Follow us on Google News
share

गाजियाबाद शहर में सौंदर्यीकरण का काम तेजी से शुरू होने वाला है। नगर निगम ने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर की सूरत संवारने की योजना बनाई है। इसमें नई पार्किंग बनाने से लेकर हाईटेक कैमरे लगाने और स्कूलों का कायाकल्प करने जैसे काम किए जाएंगे। 

वर्टिकल स्टैक पार्किंग-एलिवेटेड ट्रेल; गाजियाबाद में स्मार्ट सिटी की इन 5 योजनाओं पर जल्द शुरू होगा काम

गाजियाबाद नगर निगम राज्य स्मार्ट सिटी योजना से शहर में सौंदर्यीकरण का कार्य करेगा। इसमें पांच योजनाओं को शामिल किया गया है। शहर में वर्टिकल स्टैक पार्किंग और एलिवेटेड ट्रेल बनेगा। 41 स्थानों पर आधुनिक कैमरे लगाने के साथ दो मलिन बस्ती और निगम के सात स्कूलों की कायाकल्प होगी।

गाजियाबाद राज्य स्मार्ट सिटी योजना में है। इसके तहत हर साल शासन से निगम को बड़ी योजनाओं पर काम करने के लिए अलग से बजट जारी होता है। शासन ने इस वित्त वर्ष के लिए राज्य स्मार्ट सिटी योजना में कार्य कराने के प्रस्ताव मांगे हैं। सभी कार्यों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराई जा रही है। एक से दो महीने में विकास कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि विकास कार्यों के प्रस्ताव शासन को भेज दिए गए हैं। वर्टिकल स्टैक पार्किंग बनने से काफी राहत मिलेगी। यह कम जगह में बनाई जाती है और कई कारों को एक के ऊपर एक खड़ी करने की सुविधा होती है। वहीं, एलिवेटेड ट्रेल बनने से राहत मिलेगी। साईं उपवन और बायोडायवर्सिटी का क्षेत्र काफी फैला हुआ है। पैदल घूमने में परेशानी होती है।

वर्टिकल स्टैक पार्किंग से राहत मिलेगी

शहरी क्षेत्र में वाहनों की संख्या बढ़ रही है। बाजारों में पार्किंग न होने से सड़कों के किनारे वाहन खड़े रहते हैं। इस कारण जाम की स्थिति रहती है। ऐसे में लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। घनी आबादी वाले इलाकों में जमीन की कमी के कारण पार्किंग का निर्माण नहीं हो पा रहा। ऐसे में निगम वर्टिकल स्टैक पार्किंग बनाने की तैयारी कर रहा है।

एलिवेटेड ट्रेल से हरियाली का नजारा देख सकेंगे

निगम साईं उपवन में एलिवेटेड ट्रेल बनाएगा। इसे साईं उपवन से बायोडायवर्सिटी पार्क तक जोड़ा जाएगा। एलिवेटेड ट्रेल से लोग साईं उपवन और बायोडायवर्सिटी में घूमकर हरियाली का नजारा देख सकेंगे।

41 स्थानों पर आधुनिक कैमरों से नजर रहेगी

शहरी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने और जाम से राहत के लिए आईटीएमएस के दूसरे चरण पर काम होना है। इस योजना पर अब राज्य स्मार्ट सिटी के तहत काम होगा। 41 स्थानों पर आधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे। पूर्व में 800 से ज्यादा कैमरे लगाए जा चुके हैं।

दो मलिन बस्तियों में बेहतर सुविधा दी जाएगी

शहरी क्षेत्र के वार्ड-एक और वार्ड-34 की दो मलिन बस्तियों में सीवर और पेयजल लाइन डाली जाएगी। सड़कों का निर्माण होगा। प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइट लगेंगी।

निगम के सात स्कूलों में मरम्मत का कार्य होगा

नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज चंद्रपुरी, बालिका इंटर कॉलेज कैला भट्टा, साहिबाबाद, सिहानी, महरौली मकनपुर और भोपुरा में निगम के विद्यालयों में मरम्मत का कार्य होगा।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsगाजियाबाद बनेगा स्मार्ट सिटी, इन 5 योजनाओं पर जल्द काम शुरू करेगा नगर निगम