बिजवासन टोल प्लाजा पर बनेगा यू-टर्न फ्लाईओवर, द्वारका एक्सप्रेसवे से लगे सेक्टरों-कॉलोनियों तक फायदा

Feb 27, 2026 07:36 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम, दीपक आहूजा
share

गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर स्थित बिजवासन टोल प्लाजा पर यू-टर्न फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। एनएचएआई के अध्यक्ष संतोष यादव ने इस सिलसिले में आदेश जारी कर दिए हैं। एनएचएआई के स्थानीय अधिकारियों की तरफ से अब इस फ्लाईओवर के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार की जाएगी।

बिजवासन टोल प्लाजा पर बनेगा यू-टर्न फ्लाईओवर, द्वारका एक्सप्रेसवे से लगे सेक्टरों-कॉलोनियों तक फायदा

गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर स्थित बिजवासन टोल प्लाजा पर गुरुग्राम की तरफ यू-टर्न फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अध्यक्ष संतोष यादव ने इस सिलसिले में आदेश जारी कर दिए हैं। एनएचएआई के स्थानीय अधिकारियों की तरफ से अब इस फ्लाईओवर के निर्माण के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी।

करीब 28.4 किमी लंबाई के द्वारका एक्सप्रेसवे का करीब 18.9 किमी का हिस्सा गुरुग्राम में आता है, जबकि 9.5 किमी का हिस्सा दिल्ली में है। इस एक्सप्रेसवे पर बिजवासन टोल प्लाजा पर 9 नवंबर को शुरू किया था। इस टोल प्लाजा पर कार का एक तरफ का शुल्क 220 रुपये है, जबकि दोनों तरफ का शुल्क 330 रुपये है। इस टोल प्लाजा पर यू-टर्न की सुविधा नहीं है। यदि कोई वाहन चालक बजघेड़ा निकासी पर नहीं उतर पाता है तो वह बिजवासन टोल प्लाजा पर पहुंच जाता है। यू-टर्न नहीं होने की स्थिति में उसे टोल शुल्क का भुगतान करना पड़ता है।

जमीन का अधिग्रहण होगा

इस एक्सप्रेसवे पर बिजवासन टोल प्लाजा से ठीक पहले तीन लेन का यू-टर्न फ्लाईओवर बनाया जाए। इसके निर्माण को लेकर यातायात सर्वे करवाया जाएगा। इसके आसपास यदि सरकारी जमीन है तो उस जमीन का अधिग्रहण होगा।

किस-किस क्षेत्र को यू-टर्न न होने से दिक्कत

यूनाइटेड आरडब्ल्यूए फेडरेशन के संस्थापक राकेश राणा ने यू-टर्न की सुविधा को मुहैया करवाने को लेकर जीएमडीए और एनएचएआई अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था। उन्हें बताया था कि यू-टर्न की सुविधा नहीं होने के कारण सेक्टर-106 से लेकर सेक्टर-115 तक, साईं कुंज, गांव बजघेड़ा, चंदन विहार, पालम विहार, न्यू पालम विहार, उपवन सोसाइटी, साहिब कुंज, निहाल कॉलोनी, प्रकाशपुरी जोन, गांव चौमा, बाबूपुर, जहाजगढ़ आदि कॉलोनियों के निवासियों को असुविधा हो रही है।

पांच अंडरपास में जलभराव से राहत की तैयारी

वहीं, दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे के पांच अंडरपास को जलभराव से बचाने की योजना गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की तरफ से बनाई जाएगी। इन अंडरपास को आसपास लगती मुख्य सड़कों के बरसाती नालों से जोड़ा जाएगा। मौजूदा समय में इस हाईवे पर इफ्को चौक, सिग्नेचर टावर, मेदांता, राजीव चौक और हीरो होंडा चौक अंडरपास की देखरेख का जिम्मेदारी एनएचएआई के पास है। एनएचएआई ने बरसाती पानी की निकासी को लेकर अंडरपास में पंप लगाए हुए हैं। आसपास बरसाती नालों से जुड़ाव नहीं होने की वजह से इन अंडरपास में हर मॉनसून में पानी भर जाता है। इससे वाहन चालकों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। पिछले दिनों एनएचएआई अध्यक्ष संतोष कुमार यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इसमें फैसला हुआ है कि जीएमडीए की तरफ से इन अंडरपास को जलभराव से बचाने की योजना बनाई जाएगी। बरसाती नालों से इन्हें जोड़ा जाएगा।

बजघेड़ा अंडरपास की योजना भी बनेगी

द्वारका एक्सप्रेसवे पर बजघेड़ा अंडरपास को जलभराव से बचाने की योजना बनाई जाएगी। मानसून में जलभराव के चलते इस अंडरपास को यातायात के लिए बंद कर दिया जाता है। इस अंडरपास के एक तरफ एक लेन की सर्विस रोड है तो दूसरी तरफ दो लेन की सर्विस रोड। अंडरपास बंद होने की स्थिति में यातायात अधिक होने की वजह से बजघेड़ा रोड पर जाम की स्थिति बन जाती है। एनएचएआई अध्यक्ष ने इस अंडरपास को जलभराव से बचाने के लिए जीएमडीए और एनएचएआई अधिकारियों को संयुक्त रूप से निरीक्षण करके योजना तैयार करने के दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।