
गाजियाबाद के पहले महिला एनकाउंटर टीम की दरोगा निकली घूसखोर, रिश्वत लेती रंगे हाथ पकड़ी
गाजियाबाद में एक महिला दरोगा भुवनेश्वरी को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बता दें कि, महिला दरोगा भुवनेश्वरी पिछले साल गाजियाबाद में हुए यूपी पुलिस के उस पहले महिला एनकाउंटर टीम का हिस्सा थी, जिसे केवल महिला पुलिस कर्मियों ने अंजाम दिया था।
गाजियाबाद जिले के महिला थाने की साहिबाबाद रिपोर्टिंग चौकी पर तैनात महिला दरोगा भुवनेश्वरी को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत की रकम लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एंटी करप्शन टीम की शिकायत पर मंगलवार दोपहर साहिबाबाद थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी महिला दरोगा को गिरफ्तार कर लिया। महिला दरोगा पर आरोप है कि उन्होंने दहेज प्रताड़ना के एक मामले में आरोपी का नाम केस से बाहर निकालने के लिए 45 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। बता दें कि, महिला दरोगा भुवनेश्वरी पिछले साल गाजियाबाद में हुए यूपी पुलिस के उस पहले महिला एनकाउंटर टीम का हिस्सा थी, जिसे केवल महिला पुलिस कर्मियों ने अंजाम दिया था।
साहिबाबाद में रहने वाले रामपाल सैनी 9 जनवरी को एंटी करप्शन टीम को शिकायत की थी। रामपाल का आरोप था कि बहू की ओर से बेटे के खिलाफ महिला थाने में दर्ज कराए मुकदमे में साहिबाबाद रिपोर्टिंग चौकी प्रभारी भुवनेश्वरी ने उन्हें आरोपी बनाने का डर दिखाकर 45 हजार रुपये मांगे हैं।
रिश्वत लेते ही पहुंच गई एंटी करप्शन टीम
एंटी करप्शन टीम मंगलवार को ओमपाल सैनी को लेकर साहिबाबाद थाने में बनी चौकी पर पहुंची और जाल बिछा दिया। पहले ओमपाल सैनी अंदर गए और भुवनेश्वरी को रुपये दिए। इसके तुरंत बाद टीम ने दबिश दी और महिला दरोगा को रिश्वत के रुपयों के साथ रंगे हाथ दबोच लिया। उनसे रिश्वत के रुपये बरामद कर साहिबाबाद थाना पुलिस के हवाले कर दिया और एंटी करप्शन टीम की ओर से ही दरोगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि देर शाम केस दर्ज कर आरोपी दरोगा को गिरफ्तार कर लिया है।
मांगे थे एक लाख
रामपाल ने बताया कि करीब दो साल पहले उनके बेटे की शादी हुई थी। बेटे और बहू में झगड़े के बाद बहू ने ससुराल आने से मना कर दिया था। बाद में आने के लिए कहा तो बेटे ने उससे जान का खतरा बताकर इनकार कर दिया था। मामला महिला थाने पहुंचा और काउंसिलिंग के बाद बहू की शिकायत पर बेटे के खिलाफ बीते साल रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसके बाद भुवनेश्वरी ने उन्हें फोन कर बुलाया और कहा कि इस केस में तुम्हारा और परिवार के सभी लोगों को भी आरोपी बनाया जाएगा। इससे बचने के लिए एक लाख रुपये मांगे। इसके बाद वह एंटी करप्शन टीम के पास शिकायत लेकर पहुंचे।
केशव चौधरी, एडिशनल सीपी, अपराध, ''एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई के बाद महिला दरोगा को सस्पेंड कर दिया है। उसके खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं।''
दरोगा पर पांच हजार घूस लेने का आरोप
वहीं, गाजियाबाद के मोदीनगर में एक दरोगा पर पांच हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाकर भाकियू महात्मा टिकैत के कार्यकर्ताओं ने कस्बा पुलिस चौकी पर सोमवार रात को हंगामा किया। उनका आरोप है कि जमानती वांरट को गैर जमानती वांरट बताकर पांच हजार रुपए मांगे। थाना प्रभारी ने जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कहकर उन्हें शांत किया।





