QR कोड स्कैन कर हत्यारों तक पहुंची UP पुलिस, आकाश हत्याकांड में चचेरे भाई समेत 2 गिरफ्तार
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या की जांच के दौरान पुलिस देशी शराब के पाउच पर छपे क्यूआर कोड को स्कैन कर हत्यारोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी इलाके में एक युवक की हत्या की जांच के दौरान पुलिस देशी शराब के पाउच पर छपे क्यूआर कोड को स्कैन कर हत्यारोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शराब पीने के बाद गाली-गलौज होने पर चचेरे भाई और दोस्त ने मफलर से गला दबाकर युवक की हत्या की थी।
गाजियाबाद पुलिस ने लोनी थाना क्षेत्र में चिरोड़ी गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने सब्जी के खेत में सोमवार दोपहर युवक का शव मिलने के मामले का पर्दाफाश किया। शव की पहचान मेवला भट्टी गांव निवासी आकाश के रूप में हुई थी। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई बादल और उसके साथी चिंटू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त मफलर और देसी शराब के पाउच बरामद कर लिए हैं। आकाश के पिता राजू ने अपने भतीजे बादल और आकाश के दोस्त चिंटू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
आरोप था कि दोनों उसे घर से बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद आकाश का शव खेत में पड़ा मिला। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि आकाश की हत्या उसके चचेरे भाई और साथी ने मफलर से गला दबाकर की थी। पूछताछ में पता चला कि किशोर आकाश शनिवार शाम को बादल और दोस्त चिंटू के साथ गांव से शराब पीने के लिए आया था।
शराब के चार पाउच खरीदे थे
तीनों ने देशी शराब के ठेके से शराब के चार पाउच खरीदे थे। इसके बाद वे चिरोड़ी रोड के पास स्थित सब्जी के खेत में बैठकर शराब पीने लगे। इसी दौरान गाली-गलौज के बाद आकाश और चिंटू के बीच हाथापाई हो गई। बादल ने दोनों को अलग कराया। अलग होने पर नशे में आकाश ने बादल का गला पकड़कर दबाना शुरू कर दिया। बादल के चिल्लाने पर चिंटू ने पीछे से आकाश का गला मफलर से दबा दिया। इससे आकाश बेहोश होकर खेत में गिर पड़ा। बाद में गुस्साए चचेरे भाई बादल ने पहचान छिपाने के लिए पास पड़ी ईंट और मिट्टी के सूखे ढेले से उसके चेहरे पर वार किए।
कैमरे में हो गए थे कैद
हत्या के बाद दोनों गांव लौट गए थे और आकाश के पिता के पूछने पर उन्हें गाली दी थी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने इन्हें हिरासत में लिया तो आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे। मौके से मिले शराब पाउच पर छपे क्यूआर कोड को स्कैन करने पर पुलिस शकलपुरा गांव स्थित देशी शराब के ठेके पर पहुंची। यहां तीनों साथी ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे में शराब खरीदने के दौरान कैद हो गए थे।
बालिग था आकाश
पहचान से पहले पुलिस युवक का शव बता रही थी, जबकि पिता ने अपनी शिकायत में आकाश को 17 वर्षीय यानी किशोर लिखवाया था। हालांकि पुलिस के मुताबिक, आकाश बालिग था। तहरीर के आधार पर दर्ज रिपोर्ट में उसे किशोर लिखा गया था। एसीपी ने बताया कि परिजनों से उसकी उम्र के संबंध में दस्तावेज लेने पर साफ हुआ कि वह 18 वर्ष से अधिक का था। इसीलिए विवेचना में आकाश को युवक लिखा गया है।





