दिल्ली हाट की जगह पर बनेगा नया ‘यूनिटी मॉल’, क्या है मकसद, क्या होगा खास?
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीतमपुरा के पुराने दिल्ली हाट की जगह नया 'यूनिटी मॉल' बनाने की घोषणा की है। इस मॉल में 36 स्टॉल होंगे। इस मॉल में क्या होगा खास? विस्तृत रिपोर्ट…

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने पीतमपुरा के पुराने दिल्ली हाट की जगह 200 करोड़ रुपये की लागत से 'यूनिटी मॉल' बनाने की घोषणा की है। 'एक जिला, एक उत्पाद' पहल के तहत दिल्ली पर्यटन एवं और परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) की ओर से निर्मित इस मॉल में 36 स्टॉल और एक बड़ा फूड कोर्ट होगा। इस मॉल में विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्प, कला और व्यंजनों का संगम दिखेगा। इसका मकसद देश भर के कारीगरों को राष्ट्रीय मंच देना है।
36 स्टॉल, कला और सांस्कृतिक परंपरा का प्रदर्शन
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि पीतमपुरा में पुराने दिल्ली हाट की जगह पर भारत के विविध व्यंजनों, हस्तशिल्प, कला और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित करने वाला एक नया 'यूनिटी मॉल' बनाया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र की 'एक जिला, एक उत्पाद' पहल के तहत लगभग 200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित किए जाने वाले इस मॉल में विभिन्न राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 36 स्टॉल बनाने की योजना है।
बड़ी सौगात देने की योजना
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि लोग अपने परिवारों के साथ यहां आ सकेंगे और देशभर के व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि कई वर्ष पहले बनाए गए दिल्ली हाट को नये स्वरूप में विकसित करके शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र को एक बड़ी सौगात देने की योजना है।
क्या है मकसद?
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पर्यटन एवं और परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) की ओर से 'यूनिटी मॉल' के निर्माण के लिए निविदा पहले ही जारी की जा चुकी है। इस परियोजना का उद्देश्य कारीगरों के लिए एक राष्ट्रीय मंच तैयार करना और स्थानीय उत्पादों, व्यंजनों, कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित करना है। मॉल में संबंधित राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों के जिलों के लिए एक-एक स्टॉल के साथ-साथ एक 'फूड कोर्ट' भी होगा।
500 आधुनिक शौचालय ब्लॉक बनवाएगी दिल्ली सरकार
दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में 266 करोड़ रुपये की लागत से 500 आधुनिक शौचालय ब्लॉक का निर्माण कराएगी। सीएमओ ने सोमवार को बताया कि राजधानी की पर्यटन छवि को मजबूत करने के लिए इन शौचालयों के निर्माण का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार और नगर निगम अगले एक साल में एक-एक हजार शौचालय ब्लॉक का निर्माण करेंगे। इनका निर्माण दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग के माध्यम से कराया जाएगा।
इन क्षेत्रों में होगा निर्माण
इन शौचालय ब्लॉक का निर्माण दिल्ली के प्रमुख पर्यटन स्थलों, विरासत क्षेत्रों, बाजारों, प्रमुख मार्गों और पर्यटकों के आवागमन वाले क्षेत्रों में किया जाएगा। पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय ब्लॉक बनेंगे। पहले चरण के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद बाकी 500 सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक दूसरे चरण में बनाए जाएंगे। निर्माण कार्य को 14 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के लिए सरकार की व्यय वित्त समिति ने 266.26 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।


