काम की बात: दिल्ली-मेरठ रोड की DPSG रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा अंडरपास, गाजियाबाद में 5 लाख से अधिक लोगों को लाभ
गाजियाबाद में जल्द ही दिल्ली मेरठ रोड स्थित डीपीएसजी रेलवे क्रॉसिंग पर हर दिन लगने वाला जाम खत्म हो सकता है। जीडीए ने यहां एक अंडरपास बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके बनने रेलवे लाइन के दोनों ओर बसे लोगों काफी सुविधा होगी।

गाजियाबाद में दिल्ली मेरठ रोड स्थित डीपीएसजी रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनेगा। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने शुक्रवार को मौके का निरीक्षण कर वहां जाम की स्थिति देखी। इसके बाद अधिकारियों को अंडरपास बनाने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। अंडरपास के बनने से पांच लाख से अधिक लोगों को फायदा होगा।
गाजियाबाद को जाम मुक्त करने की दिशा में जीडीए लगातार प्रयास कर रहा है। इसके तहत शहर के मुख्य जाम पॉइंट डीपीएसजी रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने की योजना तैयार की जा रही है। रेलवे क्रॉसिंग के एक तरफ राजनगर योजना है, जबकि दूसरी तरफ मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र है। औद्योगिक क्षेत्र में 500 से अधिक इकाइयां संचालित हैं। इन इकाइयों में 50 हजार से अधिक लोग काम करते हैं। साथ ही इस औद्योगिक क्षेत्र में एक बड़ा स्कूल और कॉलेज संचालित है। साथ ही यह दिल्ली मेरठ रोड से जुड़ रही है।
इस रेलवे क्रॉसिंग का इस्तेमाल राजनगर की तरफ से मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र की इकाइयों में नौकरी करने के लिए जाने वाले कर्मचारी व श्रमिक करते हैं। साथ ही मेरठ रोड के दूसरे तरफ रहने वाली आबादी भी इस रेलवे क्रॉसिंग का इस्तेमाल आरडीसी व्यावसायिक क्षेत्र, कलेक्ट्रेट और कोर्ट में आने जाने का प्रयोग करती हैं। इस कारण ट्रेन आने के दौरान इस रेलवे क्रॉसिंग के दोनों तरफ कई किलोमीटर तक लंबा जाम लग जाता है। इस समस्या को दूर करने के लिए ही यहां अंडरपास बनाने की योजना बनाई जा रही है।
रेलवे क्रॉसिंग पर रोजाना रहता है जाम
जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल को निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग पर रोजाना यातायात दबाव के कारण लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके बाद उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को अंडरपास निर्माण के लिए सर्वेक्षण, तकनीकी परीक्षण और डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया।
लोगों को जाम से राहत मिलेगी
रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास का निर्माण होने से मुख्य रूप से राजनगर, कविनगर, शास्त्री नगर, मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र, आरडीसी समेत आसपास के लोगों को लाभ होगा। मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र में 500 से अधिक इकाइयां संचालित हैं। इनमें काम करने वाले श्रमिक जो डासना, मसूरी आदि क्षेत्रों से आते हैं, वह इसी रेलवे क्रॉसिंग का इस्तेमाल करते हैं। वहीं, कोर्ट या कलेक्ट्रेट जाने वाले मेरठ रोड स्थित कॉलोनियों के लोग भी इसे रेलवे क्रॉसिंग का प्रयोग करते हैं। ऐसे में यहां अंडरपास लोगों को जाम से राहत देगा।
नंद किशोर कलाल, उपाध्यक्ष, जीडीए, ''डीपीएसजी रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या रहती है। निरीक्षण के दौरान पाया कि लोगों को लंबे जाम से जुड़ना पड़ता है। समस्या देखते हुए यहां अंडरपास बनाने की योजना बनाई गई है। सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर इसका सर्वे कराते हुए योजना आगे बढ़ाई जाएगी। पांच लाख से अधिक लोगों को लाभ होगा।''


