ये BJP का खेल, सवर्णों के खिलाफ झूठ फैलाया जा रहा... UGC विवाद पर बोले कांग्रेस नेता
UGC की इक्विटी कमेटी को लेकर कांग्रेस नेता उदित राज ने केंद्र सरकार और विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा है कि सवर्ण छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का डर महज एक झूठ है। उन्होंने बीजेपी पर वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाते हुए भेदभाव रोकने के लिए बनी इस कमेटी का पुरजोर समर्थन किया है।

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए नियमों और इक्विटी कमेटी (Equity Committee) के गठन को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता उदित राज ने बड़ा बयान देते हुए एक विशेष नैरेटिव पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि सवर्ण छात्रों को डराने के लिए झूठ फैलाया जा रहा है।
'सवर्ण' छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का डर?
उदित राज ने कहा कि उन्होंने गजट नोटिफिकेशन पढ़ा है और जिस कमेटी की चर्चा हो रही है, उसे लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'यह झूठ फैलाया जा रहा है कि इक्विटी कमेटी एकतरफा फैसले लेगी और यह सवर्ण छात्रों के खिलाफ होगा।' कांग्रेस नेता ने स्पष्ट किया कि भेदभाव रोकने के लिए कमेटी का बनना अच्छी बात है, लेकिन इसे लेकर विवाद खड़ा करना गलत है।
बीजेपी पर लगाया 'वोट बैंक' की राजनीति का आरोप
उदित राज ने इस विवाद को बीजेपी की राजनीतिक चाल बताया है। उनका मानना है कि बीजेपी एक ऐसा खेल खेल रही है जिससे उन्हें सवर्णों का 100% वोट मिले और साथ ही वह एससी, एसटी और ओबीसी को भी खुश कर सके। उन्होंने सवाल किया, 'एक नैरेटिव क्यों बनाया जा रहा है? क्या एससी, एसटी और ओबीसी हिंदू नहीं हैं?'
रेप और दहेज कानून का दिया तर्क
कमेटी द्वारा बिना सबूत कार्रवाई करने के डर पर उदित राज ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि रेप, यौन शोषण या दहेज जैसे कानून भी इसी तरह काम करते हैं। वहां भी यह सवाल उठाएं कि बिना सबूत के मामला कैसे दर्ज किया जा रहा है?' उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्रवाई सबूतों के आधार पर होती है और यह काम कोर्ट का है। उन्होंने इस तरह के विरोध को एक गलत और जातिवादी मानसिकता करार दिया है।


