UER 2 के विस्तार का प्लान, हरियाणा-राजस्थान से नोएडा और गाजियाबाद जाना होगा आसान

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

अर्बन एक्सटेंशन रोड (यूईआर)-2 को नोएडा तक विस्तार देने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) पर काम जल्द शुरू हो जाएगा। इस पहल से हरियाणा और राजस्थान से नोएडा जाने के लिए दिल्ली के अंदर नहीं जाना पड़ेगा। 

UER 2 के विस्तार का प्लान, हरियाणा-राजस्थान से नोएडा और गाजियाबाद जाना होगा आसान

अर्बन एक्सटेंशन रोड (यूईआर)-2 को नोएडा तक विस्तार देने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) पर काम जल्द शुरू हो जाएगा। इस पहल से हरियाणा और राजस्थान से नोएडा जाने के लिए दिल्ली के अंदर नहीं जाना पड़ेगा। इसके दो खंडों में अलीपुर से मंडोला तक 17 किलोमीटर और मंडोला से नोएडा तक करीब 45 किलोमीटर हिस्सा बनाना प्रस्तावित है।

नोएडा में इसे फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (एफएनजी) एक्सप्रेसवे के शुरुआती छोर से जोड़ा जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने दोनों खंडों की डीपीआर का काम अलग-अलग एजेंसी को सौंप दिया है।

एनएचएआई के एक अधिकारी ने बताया कि एजेंसियों को न्यूनतम तीन अलाइनमेंट के साथ डीपीआर बनाने को कहा गया है। इस काम में करीब छह माह का वक्त लगेगा। यह परियोजना राष्ट्रीय राजधानी की अंदरूनी सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए है। इस विस्तार के बाद राजस्थान, हरियाणा के लोग बाहर ही बाहर नोएडा जा सकेंगे।

द्वारका से अलीपुर तक है शुरू

छह लेन का यूईआर-2 हाईवे एक आउटर रिंग रोड है। इसका द्वारका से अलीपुर (उत्तरी दिल्ली) तक 75.7 किलोमीटर का हिस्सा चालू हो चुका है। गत 17 अगस्त को प्रधानमंत्री ने इसका लोकार्पण किया था। इस हिस्से के बनने से 40 मिनट में सिंघु बॉर्डर से आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचना संभव हुआ है। मुकरबा चौक से धौला कुआं, एनएच-नौ से गुरुग्राम तक जाना भी आसान हुआ। अब अलीपुर से यूईआर-2 को विस्तार देकर गाजियाबाद होते हुए नोएडा तक विस्तार देना है। विस्तार परियोजना को दो खंडों में विभाजित किया गया है। पहले खंड में 17 किलोमीटर लंबा हाईवे बनेगा, जो यूईआर-2 को अलीपुर से लोनी स्थित मंडोला के पास दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा।

अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 की विस्तार योजना

पहला चरण

● 17 किलोमीटर

● दिल्ली के अलीपुर से लोनी के मंडोला तक जाएगा

दूसरा चरण

● 45 किलोमीटर

क्या है आगे का प्लान

● मंडोला से फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद एक्सप्रेसवे तक

● अलीपुर से फरीदाबाद-नोएडा और गाजियाबाद एक्सप्रेसवे से इसे जोड़ा जाएगा

● एनएचएआई ने दो खंडों में विस्तार के लिए एजेंसियों को डीपीआर का काम सौंपा

● दोनों एजेंसियों को छह माह का वक्त दिया, ये तीन-तीन अलाइनमेंट का विकल्प देंगी

● इस वर्ष 17 अगस्त को यूईआर को द्वारका से अलीपुर तक शुरू किया गया था

● इस पहल से राजधानी की सड़कों पर वाहन कम होंगे

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर NewsUER 2 के विस्तार का प्लान, हरियाणा-राजस्थान से नोएडा और गाजियाबाद जाना होगा आसान