‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर दिल्ली में दो महिलाओं ने रची थी फर्जी CBI रेड की साजिश

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

‘स्पेशल 26’ फिल्म की तर्ज पर राजधानी दिल्ली में हाल ही में एक कारोबारी के घर रेड मारने पहुंची टीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस फर्जी रेड की साजिश दो महिलाओं ने रची थी। पुलिस ने आरोपियों से फर्जी आईडी कार्ड बरामद किए हैं।

Fake CBI Raid
फर्जी सीबीआई रेड। सांकेतिक तस्वीर

बॉलीवुड फिल्म 'स्पेशल-26' के वो सीन सबको जरूर याद होंगे, जहां कुछ लोगों द्वारा फर्जी सीबीआई अफसरों की टीम बनाकर नेताओं और कारोबारियों समेत कई जगह धड़ल्ले से रेड मारी जाती हैं। ठीक वैसी ही फिल्मी पटकथा को हकीकत बनाने के लिए राजधानी दिल्ली में दो महिलाएं निकली थीं।

खाकी और मोनोग्राम वाली ड्रेस, गले में सीबीआई के फर्जी पहचान पत्र और चेहरे पर दबंग अफसरों जैसा रौब। दिल्ली के प्रशांत विहार में एक फर्नीचर कारोबारी के घर रेड मारने पहुंची इस नकली सीबीआई अफसरों की टीम का दिल्ली पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। रोहिणी जिला पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में रची गई इस साजिश के पांच और शातिर सदस्यों को जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार कर पूरी कहानी का पर्दाफाश कर दिया।

होटल मालकिन और बार डांसर मास्टरमाइंड

डीसीपी शशांक जायसवाल के मुताबिक, इस फिल्मी स्टाइल वाले फर्जी सीबीआई अफसरों के गिरोह की सरगना आसिफा और पूजा अग्रवाल थीं। आसिफा राजेंद्र प्लेस में होटल चलाती थी, लेकिन घाटे के बाद उसने वसूली का रास्ता चुना। उसे सीबीआई की कार्यप्रणाली की पूरी समझ थी, इसलिए उसने खुद फर्जी आईकार्ड और मोनोग्राम वाली वर्दी तैयार करवाई। वहीं, दूसरी आरोपी पूजा की मुलाकात एक पार्टी में 63 वर्षीय कुलदीप से हुई थी, जिसने फर्नीचर कारोबारी प्रथम अग्रवाल को सॉफ्ट टारगेट बताया था। इसके बाद पूजा के जीजा चंद्र प्रकाश ने शुभम, राजवीर और नितिन जैसे लड़कों को गिरोह में शामिल कर पूरी फर्जी सीबीआई अफसरों की टीम तैयार कर ली।

शोर मचाने से खुली पोल

11 अगस्त को दो महिलाओं और आठ पुरुषों की यह टीम जब कारोबारी प्रथम अग्रवाल के घर रेड मारने पहुंची, तो घर पर केवल प्रथम और उनकी मां थीं। कारोबारी को उन पर शक हुआ और उन्होंने दरवाजा खोलने के बजाय शोर मचा दिया। भेद खुलते ही सभी नकली अफसर वहां से भाग निकले। इसके बाद पुलिस द्वारा इस मामले की जांच के दौरान आरोपियों का सुराग मिलने पर पुलिस ने फर्जी सीबीआई अफसरों की टीम के कई सदस्यों को धर दबोचा। पुलिस को उनके पास से सीबीआई के फर्जी पहचान पत्र भी बरामद हुए हैं।

पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके

● कुछ समय पहले करोल बाग के एक बड़े कारोबारी के यहां फर्जी प्रवर्तन निदेशालय की टीम बनकर पहुंचे बदमाशों ने करोड़ों के जेवर और नकदी लूटने की कोशिश की थी।

● रोहिणी इलाके में ही खुद को कस्टम और विजिलेंस विभाग का उच्च अधिकारी बताकर आयात-निर्यात व्यापारियों से करोड़ों की ठगी करने वाला एक अंतरराज्यीय सिंडिकेट पकड़ा गया था।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News , CJP Protest Live और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर News‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर दिल्ली में दो महिलाओं ने रची थी फर्जी CBI रेड की साजिश