गाजियाबाद में 2 और अवैध मदरसे सील, 14 दुकानें भी होंगी ध्वस्त; सूर्या हत्याकांड के बाद ऐक्शन में प्रशासन

हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
Follow us on Google News
share

गाजियाबाद के लोनी और कनावनी में चल रहे दो और अवैध मदरसों को प्रशासन ने शनिवार को सील कर दिया। इसके साथ ही मोदीनगर में मस्जिद के साथ बनी 14 दुकानें भी तोड़ी जाएंगी। इसके लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं।

गाजियाबाद में 2 और अवैध मदरसे सील, 14 दुकानें भी होंगी ध्वस्त; सूर्या हत्याकांड के बाद ऐक्शन में प्रशासन

गाजियाबाद के खोड़ा में बकरीद के दिन हुए सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद शुरू हुई प्रशासनिक कार्रवाई लगातार जारी है। शनिवार को कनावनी और लोनी स्थित दो और अवैध मदरसे सील कर दिए गए। वहीं, मोदीनगर में मस्जिद के साथ बनी 14 दुकानों को भी ध्वस्त करने के आदेश जारी किए गए। दुकानदारों पर दो करोड़ 22 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

खोड़ा के नवनीत विहार में 17 वर्षीय छात्र सूर्या की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है, जबकि उसके पिता नवाब समेत चार आरोपी जेल में हैं। शनिवार दोपहर जिला प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ कनावानी स्थित जामिया खुल्फा-ए-राशिदीन मदरसे पर पहुंची और इसे खाली कराकर सील लगा दिया। इसके बाद लोनी थाना क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी में चल रहे मदरसा इस्लामिया अरबिया काशिफुल उलूम को भी सील कर दिया गया। सीलिंग से पहले मुनादी भी कराई गई। उपजिलाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि मदरसे में संचालक शकील अहमद परिवार के साथ रह रहे थे। सभी को बाहर निकालकर कार्रवाई की गई।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की ओर से चस्पा नोटिस के मुताबिक, दोनों मदरसे अवैध हैं और बिना मान्यता के चल रहे थे। मदरसा सोसाइटी का भी रजिस्ट्रेशन उपलब्ध नहीं कराया गया है।‌ इसके अलावा अग्निशमन विभाग और विद्युत सुरक्षा विभाग से भी एनओसी नहीं ली गई है। संचालकों को नोटिस देकर सात दिन में जवाब मांगा गया है। जवाब न दिए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बिजली चोरी की

सीलिंग के साथ दोनो मदरसों के विद्युत कनेक्शन काटे गए। विद्युत निगम के मुताबिक, लोनी स्थित मदरसा इस्लामिया अरबिया काशिफुल उलूम के लिए कनेक्शन नहीं लिया गया था। कटिया डालकर बिजली चोरी की जा रही थी। यहां 16 बच्चे पढ़ रहे थे। चोरी की बिजली से इन बच्चों की जान भी खतरे में डाली जा रही थी।

नदी में मांस फेंक रहे थे बच्चे

कनावानी स्थित मदरसा जामिया खुल्फा-ए-राशिदीन में पढ़ने वाले दो बच्चे 24 मई की दोपहर कनावनी पुश्ता मार्ग पर हिंडन नदी में मांस फेंकते पकड़े गए थे। मदरसा संचालक शमीम, एजाज और जुबैर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

नगर पालिका की जमीन पर बनीं हैं दुकानें

मोदीनगर के गांव बेगामाबाद में जामा मस्जिद के पास शनिवार शाम उपजिलाधिकारी अजित सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ पहुंचीं। मस्जिद के आसपास बनीं 14 दुकानों के ध्वस्तीकरण का नोटिस चस्पा किया। मुनादी कराई गई कि दो दिन में दुकानें खाली कर दें। साथ ही दुकानदारों पर 2.22 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया है। उपजिलाधिकरी अजित सिंह ने बताया कि ये दुकानें नगर पालिका की जमीन पर बनीं हैं, जिनसे किराया भी जामा मस्जिद प्रबंध समिति वसूलती है। साल 2000 से पहले तक जामा मस्जिद प्रबंध समिति व ग्राम पंचायत के बीच विवाद चल रहा था।

बिजली कनेक्शन की जांच होगी

गाजियाबाद में संचालित सभी मदरसों के बिजली कनेक्शन की जांच की जाएगी ताकि मानकों का उल्लंघन कर मदरसों को दिए बिजली कनेक्शनों पर कार्रवाई की जा सके। गाजियाबाद जोन-3 के मुख्य अभियंता बृजेश कुमार ने बताया कि विद्युत निगम और विजिलेंस की संयुक्त टीम जांच करेगी। मदरसों में शैक्षणिक श्रेणी का कनेक्शन हो सकता है, जबकि अधिकांश मदरसों में घरेलू व व्यावसायिक कनेक्शन है।

अब तक पांच पर सख्ती

● सूर्या हत्याकांड के बाद शनिवार को दो मदरसे सील करने के साथ अबतक पांच मदरसों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

● डासना के कल्लूगढ़ी गांव में ग्रामसभा की जमीन पर बना अवैध मदरसा जामिया अरबिया इशातुल इस्लाम जमींदोज किया गया था। दिल्ली के रहने वाले मदरसा संचालक फारूख बेग के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

● खोड़ा के लोकप्रिय विहार में मदरसा रहमानिया अरबिया कासिम-उल-उलूम और बीरबल मोहल्ले में सुल्तान अलाफरीन मदरसा को सील किया गया। संचालक मौलवी इमाम मोहम्मद दानिश, मोहम्मद साजिद और मौलवी जावेद अख्तर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।

● सूर्या की हत्या के मुख्य आरोपी असद के पिता के पुराने मकान पर भी नोटिस चस्पा किया गया।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।