तुर्कमान गेट मामला: राहगीरों को नहीं उठा सकते, HC की दिल्ली पुलिस को दो-टूक

Feb 06, 2026 03:58 pm ISTKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान
share

दिल्ली हाईकोर्ट ने तुर्कमान गेट हिंसा मामले में एक महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि पुलिस सिर्फ भीड़ में मौजूद होने के आधार पर राहगीरों को आरोपी नहीं बना सकती है। इसके साथ ही अदालत ने आरोपी की भूमिका स्पष्ट करने के लिए वीडियो साक्ष्य भी मांगे… 

तुर्कमान गेट मामला: राहगीरों को नहीं उठा सकते, HC की दिल्ली पुलिस को दो-टूक

दिल्ली हाईकोर्ट ने पिछले महीने तुर्कमान गेट में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास तोड़फोड़ के दौरान पत्थरबाजी के मामले में अहम टिप्पणी की है। दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा है कि इस घटना के दौरान पुलिस भीड़ का हिस्सा होने के लिए राहगीरों को पकड़ कर आरोपी नहीं बना सकती है। अदालत ने यह बात भीड़ को भड़काने के आरोपी एक व्यक्ति की अग्रिम जमानत की याचिका पर सुनवाई करते हुए कही।

पुलिस ने मांगी स्टेटस रिपोर्ट

न्यायमूर्ति प्रतीक जालान की पीठ ने दिल्ली पुलिस से साजिद इकबाल की अग्रिम जमानत याचिका पर पुलिस से जवाब में एक स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को कहा कि जिसमें वीडियो सबूतों के साथ आरोपी की खास भूमिका का ब्यौरा पेश करने को कहा गया है। दिल्ली पुलिस के वकील ने कहा कि एजेंसी मामले में गहरी साजिश की जांच कर रही है।

क्या आरोप?

पुलिस का दावा है कि आरोपी ने बैरिकेड हटाकर भीड़ को भड़काया था। पीठ को आरोपी के वकील की तरफ से घटना का एक वीडियो दिखाया गया। पीठ ने इसके बाद पुलिस से वीडियो को सही टाइम स्टैम्प के साथ रिकॉर्ड पर लाने को कहा है।

खास भूमिका पर करना होगा गौर

पीठ ने कहा कि कि भले ही याचिकाकर्ता भीड़ का हिस्सा था, अशांति में उसकी खास भूमिका पर विचार किया जाना चाहिए। पीठ ने कहा कि अगर वीडियो में दिख रहा है कि वह भड़का रहा है, तो आप सही हैं। अगर वह बस वहां से गुजर रहा है, तो पुलिस का दावा सही नहीं है।

सभी को उठा रहे हैं तो इसकी इजाजत नहीं

पीठ ने पुलिस को कहा कि अगर आप उस इलाके में सभी को उठा रहे हैं तो इसकी इजाजत नहीं होगी। पुलिस भीड़ में रहने के नाते राहगीरों को पकड़ कर आरोपी नहीं बना सकती है। इस मामले को अगले सप्ताह आगे की सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है।

आरोपी के वकील की क्या दलील?

वहीं याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि वह उस भीड़ का हिस्सा नहीं था जिसने पत्थरबाजी की थी। उन्होंने कहा कि याचिकाकर्ता बस अपने रिश्तेदार के घर से वापस आ रहा था जब उसे भीड़ में धकेल दिया गया। इससे पहले सत्र अदालत ने 21 जनवरी को आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।

मामले जांच के प्राथमिक स्तर पर

सत्र अदालत का कहना था कि अभी मामले जांच के प्राथमिक स्तर पर है। ज्ञात रहे कि यह मामला 6 और 7 जनवरी की रात को रामलीला मैदान इलाके में मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुई हिंसा से जुड़ा है।

अफवाह फैलाई गई जिससे हुआ जमावड़ा

पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई गई कि तुर्कमान गेट के सामने वाली मस्जिद को तोड़ा जा रहा है, जिससे लोग मौके पर जमा हो गए। करीब 150-200 लोगों ने पुलिस और दिल्ली नगर निगम कर्मचारियों पर पत्थर और कांच की बोतलें फेंकी, जिससे इलाके के पुलिस थानाध्यक्ष समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

Krishna Bihari Singh

लेखक के बारे में

Krishna Bihari Singh

कृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )


संक्षिप्त विवरण

कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।

रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।

पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।