
दिल्ली में सड़क पर बने गड्ढे के कारण ट्रक पलटने से एक की मौत; मृतक महिला की हुई पहचान
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बिंदापुर थाना पुलिस को ट्रक पलटने की सूचना मिली थी। जिसके बाद SHO बिंदापुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने देखा कि सेक्टर तीन में मोड़ के पास एक ट्रक पलटा हुआ था, जिसमें रोड़ी भरी हुई थी।
दिल्ली के द्वारका सेक्टर 3 में सड़क पर बने गड्ढे के कारण 9 अक्टूबर को एक तेज रफ्तार ट्रक पलट गया, जिसकी चपेट में आकर वहां से पैदल गुजर रही एक महिला की मौत हो गई। ट्रक पलटने की वजह से सड़क पर यातायात भी बंद हो गया, जिसके चलते लम्बा जाम लगा गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पहुंची बिंदापुर थाना पुलिस ने ट्रक को उठाकर सड़क के एकतरफ किया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी और ट्रक के रजिस्ट्रेशन नम्बर की मदद से पुलिस आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि मृतक महिला की पहचान 40 वर्षीय रेणू देवी के रूप में हुई है, जो कि अपने परिवार के साथ जेजे कॉलोनी, फेज तीन, द्वारका में रहती थी। उसके परिवार में पति शिवम चौधरी, पांच बेटियां और दो बेटे हैं। शिवम एक लोन कंपनी में सुरक्षाकर्मी के रूप में काम करता है। उनकी एक बेटी की शादीशुदा है। उनका बड़ा बेटा कन्हैया पढ़ाई करता है और बाकी बच्चे घर पर रहते हैं। रेणु देवी की घर से कुछ दूरी पर चाय की दुकान लगाती है और कई घरों में घरेलू सहायिका का काम भी करती है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बिंदापुर थाना पुलिस को ट्रक पलटने की सूचना मिली थी। जिसके बाद SHO बिंदापुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने देखा कि सेक्टर तीन में मोड़ के पास एक ट्रक पलटा हुआ था, जिसमें रोड़ी भरी हुई थी, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो चुका था।

मौके पर क्रेन बुलाई गई और ट्रक को उठाने की कोशिश की गई। लोगों और क्रेन की मदद से ट्रक को उठाकर साइड़ किया गया। ट्रक के नीचे से एक महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने संबंधित धारा में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में महिला की पहचान घटनास्थल के पास में ही बनी जेजे कॉलोनी में रहने वाली रेणू देवी के रूप में हुई। पुलिस ने महिला के परिजनों को हादसे की सूचना दी।
सड़क का गड्ढा बना हादसे की वजह
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसे वाली सड़क पर गहरा गड्ढा बना हुआ है और पुलिस ने इसी गड्ढे को हादसे की वजह माना। सूत्रों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार तेज होने और गड्ढे व मोड होने के चलते ट्रक पलट गया। इस दौरान रेणु देवी अपना काम खत्म कर पैदल ही घर लौट रही थीं। इस दौरान वह सड़क के किनारे चल रही थीं, जिसके चलते जब ट्रक पलटा तो वह उसकी चपेट में आ गईं। वह ट्रक के नीचे दब गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।





