दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ऑटो में आग लगने से जिंदा जला ड्राइवर, गुरुग्राम में दर्दनाक हादसा
गुरुग्राम में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सोमवार देर रात राजीव चौक फ्लाईओवर के पास एक चलते सीएनजी ऑटो में अचानक आग लग गई। आग की लपटों के बीच घिरा चालक बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

गुरुग्राम में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सोमवार देर रात राजीव चौक फ्लाईओवर के पास एक चलते सीएनजी ऑटो में अचानक आग लग गई। आग की लपटों के बीच घिरा चालक बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में उसे सेक्टर-पांच स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
हादसा रात करीब दो बजे के आसपास का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक सीएनजी ऑटो राजीव चौक फ्लाईओवर से उतरकर हीरो होंडा चौक की तरफ बढ़ रहा था। फ्लाईओवर की ढलान उतरते ही अचानक ऑटो के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा। इसी दौरान जोरदार धमाके के साथ ऑटो आग की ऊंची लपटों में घिर गया। सीएनजी गैस के रिसाव और सिलेंडर फटने के कारण आग ने चंद सेकंड में ही विकराल रूप धारण कर लिया। राहगीरों ने साहस दिखाते हुए पास जाने की कोशिश की, लेकिन आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि कोई भी ऑटो के करीब नहीं पहुंच सका।
बुरी तरह झुलसा शव
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक सब कुछ राख हो चुका था। ऑटो के लोहे के ढांचे के बीच चालक का स्टेयरिंग के पास झुलसा हुआ मिला। हादसे के बाद नाहरपुर रूपा चौकी पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। शव बुरी तरह झुलस गया है। ऑटो गुरुग्राम के अर्जुन नगर के पते पर पंजीकृत है।
सुरक्षा मानकों पर सवाल
प्रारंभिक जांच में फोरेंसिक विशेषज्ञों और दमकल अधिकारियों का मानना है कि यह हादसा सीएनजी सिलेंडर फटने के कारण हुआ है। पुलिस को ऑटो में सीएनजी सिलेंडर नहीं मिला,ऐसे में माना जा रहा है कि सिलेंडर में ब्लास्ट होने से आग लगी। वहीं, विशेषज्ञों के अनुसार अक्सर पुराने या अनधिकृत किट के इस्तेमाल, गैस लीकेज या शॉर्ट सर्किट के कारण ऐसे धमाके होते हैं।
2019 में खरीदा था ऑटो
पुलिस जांच में सामने आया कि ऑटो वर्ष 2019 में उत्तर प्रदेश के नोएडा निवासी ने खरीदा था। ऑटो खरीदने के कुछ दिन के बाद ही गुरुग्राम के रहने वाले युवक को बेच दिया था। वहीं, पुलिस ने जब आरटीओ ऑफिस में जाकर पता किया, तो सामने आया कि ऑटो चार बार बेचा जा चुका है। अभी अजुर्ग नगर के पते पर पंजीकृत है, लेकिन वहां की जानकारी नहीं मिली।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


