दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मार्ग में बदलाव होगा, NHAI ने तैयार किया ट्रैफिक डायवर्जन प्लान; चेक कर लें रूट

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
Follow us on Google News
share

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रूट में बदलाव किया जाएगा। मानेसर में फ्लाईओवर का निर्माण कार्य होने से रोज जाम लग रहा है। इसे देखते हुए एनएचएआई ने ट्रैफिक में बदलाव करने का निर्णय लिया है। डायवर्जन प्लान के चलते एनएच 352डब्ल्यू के एक हिस्से को खोल दिया जाएगा।

Delhi Jaipur Highway

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर की वजह से रोजाना ट्रैफिक जाम की समस्या सामने आ रही है। इससे निपटने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया है। ट्रैफिक पुलिस को इसकी जानकारी दे दी गई है।

इस माह के अंत तक इस डायवर्जन योजना को मानेसर चौक से पचगांव चौक के बीच लागू कर दिया जाएगा। एनएचएआई की तरफ से मानेसर में तीन-तीन लेन का फ्लाईओवर तैयार किया जा रहा है। ऐसे में मौजूदा समय में यातायात दो लेन की सर्विस रोड से निकल रहा है। भारी और हलके वाहनों के आवागमन की वजह से हाईवे पर सुबह और रात के समय लंबा जाम लग रहा है। करीब एक से डेढ़ घंटे तक वाहन चालकों को यातायात जाम में फंसना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान को लेकर एनएचएआई ने यातायात को डाइवर्ट करने की योजना तैयार की है।

मानेसर चौक से दाईं तरफ मुड़ना होगा

बता दें कि मानेसर में निर्माणाधीन करीब एक किमी लंबा फ्लाईओवर अगले साल में सितंबर माह तक बनकर तैयार होगा। मानेसर और बिलासपुर चौक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के निर्माण में करीब 84 करोड़ की लागत आएगी। इन दोनों फ्लाईओवर बनने के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे पर आवागमन आसान हो जाएगा। दिल्ली से जयपुर की तरफ से जा रहे वाहन चालकों को मानेसर चौक से दाईं तरफ मुड़ना होगा। इसके बाद मानेसर तहसील के सामने रोड पर होंडा कंपनी की तरफ दाईं तरफ मुड़ना होगा।

यहां से बाईं तरफ मुड़कर हरियाणा सिटी गैस के सामने से मानेसर के लेबर चौक को पार करके सामने टी प्वाइंट से बाएं मुड़ना होगा। इसके बाद हाईलैक्स इंडिया के सामने से होते हुए गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे (352डब्ल्यू) पर जाकर मिल जाएंगे। इस हाईवे से होते हुए कुंडली-मानेसर-पलवल हाईवे पकड़कर पचगांव की तरफ चढ़ जाएंगे।

30 मिनट का अतिरिक्त समय लगेगा

यह दूरी करीब 20 किमी की पड़ेगी, जिसमें 30 मिनट का अतिरिक्त समय लगेगा। यदि हाईवे से मानेसर से पचगांव की तरफ जाते हैं तो यह दूरी करीब आठ किमी पड़ती है, लेकिन फ्लाईओवर का निर्माण होने की वजह से यहां यातायात जाम लग रहा है। यदि कोई वाहन चालक दिल्ली से जयपुर जाना है तो वह राजीव चौक से गुरुग्राम-सोहना हाईवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से होता हुआ सीधे जयपुर जा सकता है।

वाहन चालकों से अपील की जाएगी कि डायर्वजन के दौरान वह जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों से होकर आवागमन करें तो बेहतर रहेगा। साथ ही लोगों से इस दौरान यातायात नियमों का पालन करने को कहा गया है। जाम लगने का कारण यह भी है।

एनएच 352डब्ल्यू खुल जाएगा

वैसे तो एनएच 352डब्ल्यू इस साल सितंबर माह में खोलने की योजना है, लेकिन डायवर्जन प्लान के चलते इसके एक हिस्से को खोल दिया जाएगा। गेट-वे रेल, हरसरू और एटीएस चौक पर फ्लाईओवर के खुलने की उम्मीद है। वजीरपुर के पास एक हिस्सा बंद रहेगा, क्योंकि यहां 220केवीए केबल को स्थानांतरित करने का काम चल रहा है। ऐसे में यातायात को सर्विस रोड से निकाला जाएगा। वाहन चालकों से अपील की जाएगी कि वह इस दौरान वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरें। साथ ही इस दौरान यातायात पुलिस भी अलर्ट रहेगी।

यहां से होकर जा सकेंगे

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जयपुर से दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन पचगांव से केएमपी से होते हुए एनएच 352डब्ल्यू से द्वारका एक्सप्रेसवे होते हुए दिल्ली की तरफ जा सकते हैं। यदि किसी ने मानेसर या आसपास लगते गांवों में जाना है तो वह जयपुर की तरफ तैयार डायवर्जन से जा सकता है।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।