दिल्ली में 1470 करोड़ से बनेगा 6-लेन एलिवेटेड रोड, जानिए किन इलाकों को होगा फायदा
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि दिल्ली सरकार ने संगम विहार से मां आनंदमाई मार्ग तक करीब ढाई किलोमीटर लंबे छह लेन के एलिवेटेड रोड को भी सैद्धातिक मंजूरी दे दी है। इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय को भेजा जा रहा है।

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने शहर के दक्षिणी इलाके को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए एमबी रोड पर साकेत जी-ब्लॉक से पुल प्रह्लादपुर तक 6-लेन का एकीकृत एलिवेटेड रोड व दो अंडरपास बनाने को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर लगभग 1471.14 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है, वहीं इसे दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस बुनियादी ढांचा परियोजना के पूरा होने से ना केवल यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि दिल्ली के लोगों को लम्बे समय तक जाम की समस्या से मुक्ति भी मिलेगी।
दिल्ली सचिवालय में मंगलवार को आयोजित वित्त व्यय समिति की बैठक में इस परियोजना को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की। बैठक में इस परियोजना की तकनीकी, वित्तीय और संरचनात्मक रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श करने के बाद इसे स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि यह परियोजना दक्षिणी दिल्ली के यातायात नेटवर्क को अधिक सुव्यवस्थित और सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम सिद्ध होगी।
दो हिस्सों में बनेगा 5 किमी लंबा एकीकृत एलिवेटेड रोड
मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब पांच किलोमीटर लंबी यह परियोजना दो भागों में बनेगी। पहला एलिवेटेड रोड साकेत जी ब्लॉक से संगम विहार तक होगा। इसकी लंबाई 2.42 किलोमीटर होगी, दूसरा एलिवेटेड रोड मां आनंदमाई मार्ग से पुल प्रह्लादपुर तक बनेगा। इसकी लंबाई करीब 2.48 किलोमीटर होगी।
एमबी रोड पर बनेगा एकीकृत एलिवेटेड कॉरिडोर
सीएम ने इस प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना का निर्माण दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) करेगा। यह परियोजना DMRC कॉरिडोर के अलाइनमेंट में विकसित की जाएगी, जिससे सड़क और मेट्रो, दोनों का बेहतर समन्वय सुनिश्चित हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि इस एकीकृत संरचना में डबल डेकर सिस्टम वाला 6-लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर बनेगा, जिसमें ऊपर मेट्रो चलेगी और उसके नीचे एलिवेटेड कॉरिडोर होगा। इस परियोजना में दो अंडरपास भी बनाए जाएंगे जो साकेत-जी ब्लॉक और बीआरटी कॉरिडोर पर बनेंगे। यह मॉडल न केवल कम जगह में अधिक क्षमता प्रदान करेगा, बल्कि साकेत जी-ब्लॉक, आंबेडकर नगर, खानपुर और संगम विहार जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में यातायात की गति को दोगुना कर देगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि दिल्ली सरकार ने संगम विहार से मां आनंदमाई मार्ग तक करीब ढाई किलोमीटर लंबे छह लेन के एलिवेटेड रोड को भी सैद्धातिक मंजूरी दे दी है। इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय को भेजा जा रहा है। प्रस्तावित क्षेत्र तुगलकाबाद किला के अधीन आता है।
यातायात में होगा बड़ा सुधार
मुख्यमंत्री गुप्ता ने बताया कि इस परियोजना में निवेश से दक्षिण दिल्ली की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा। एमबी रोड पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी, वाहनों की औसत गति बढ़ेगी और लाखों यात्रियों का समय बचेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार की कोशिश राजधानी को आधुनिक, सुगम और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।



