काम की बात: ट्रैफिक बुलेटिन से मिलेगी जाम और रूट डायवर्जन की जानकारी, गाजियाबाद पुलिस की नई पहल
गाजियाबाद पुलिस ने वाहन चालकों को सुबह-शाम सड़कों पर जगह भारी जाम से बचाने के लिए एक नई पहल की है। इसके तहत दिन में दो बार ट्रैफिक बुलेटिन जारी किया जा रहा है, जिसमें जाम वाले रास्तों के साथ ही डायवर्जन की भी जानकारी दी जा रही है।
नौकरी और कारोबार के सिलसिले में गाजियाबाद से दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद आने-जाने वाले लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने एक नई पहल की है। इसके तहत ट्रैफिक पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफार्म और वॉट्सऐप चैनल पर रविवार से ट्रैफिक बुलेटिन जारी कर रही है।
इसमें प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक के दबाव, संभावित जाम और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी दी जा रही है। इससे वाहन चालक पहले से अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे और जाम वाले मार्गों पर जाने से बच सकेंगे।
दिन में 2 बार जारी हो रहा बुलेटिन
एडीसीपी ट्रैफिक वरुण कुमार सिंह ने बताया कि गाजियाबाद से बड़ी संख्या में लोग रोजाना आसपास के जिलों में आवागमन करते हैं। वाहनों का अत्यधिक दबाव होने के कारण कई मार्गों पर जाम की स्थिति बन जाती है। इसे देखते हुए ट्रैफिक बुलेटिन जारी करने की योजना तैयार की गई। उन्होंने बताया कि बुलेटिन में किस मार्ग के किस पॉइंट पर ट्रैफिक का ज्यादा दबाव है, इसकी जानकारी दी जा रही। इससे लोगों को पहले ही पता चल सकेगा कि किस रास्ते पर परेशानी हो सकती है। शुरुआत में दिन में दो बार बुलेटिन जारी किया जा रहा है। पहला बुलेटिन सुबह 8 से 8:30 बजे के बीच और दूसरा शाम 4 से 4:30 बजे के बीच जारी होता है। भविष्य में इसे और विस्तार देने की योजना पर भी काम चल रहा है।
सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ने की अपील
एडीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस की ओर से ट्रैफिक बुलेटिन गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस के फेसबुक, इंस्टाग्राम अकाउंट और वॉट्सऐप चैनल पर जारी किया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से इन प्लेटफार्म से जुड़ने की अपील की है। एडीसीपी का कहना है कि योजना का उद्देश्य केवल जाम की सूचना देना नहीं, बल्कि लोगों को परेशानी से बचाना भी है।
कार्यक्रमों, शोभायात्रा की अलग से सूचना दी जाएगी
धार्मिक और सामाजिक संगठनों के कार्यक्रमों, शोभायात्रा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के दौरान भी शहर के कई मार्गों पर यातायात प्रभावित होता है। पुलिस ऐसे आयोजनों से संबंधित यातायात प्रभाव की जानकारी भी अलग से बुलेटिन के माध्यम से देगी। एडीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि इन आयोजनों के कारण किन मार्गों पर दबाव बढ़ सकता है और कहां से वैकल्पिक रास्ता अपनाया जा सकता है, इसकी जानकारी लोगों को दी जाएगी। इससे वाहन चालक पहले से अपना रूट तय कर सकेंगे। समय रहते यातायात संबंधी जानकारी मिलने से अनावश्यक रूप से जाम में फंसने वाले लोगों की संख्या कम होगी। साथ ही यातायात प्रबंधन बेहतर होगा।
दूसरे मार्गों का इस्तेमाल कर सकेंगे
शहर में सड़क निर्माण, मरम्मत, सीवर लाइन और पाइपलाइन बिछाने समेत अन्य विकास कार्यों के कारण यातायात प्रभावित होता है। कई बार सड़क का एक हिस्सा बंद होने या वाहनों की आवाजाही सीमित होने से जाम लग जाता है। ट्रैफिक बुलेटिन से लोग संबंधित रास्तों से बचकर दूसरे मार्गों का इस्तेमाल कर सकेंगे।


