'व्यापारियों को मेरा समर्थन', रिहा होने के बाद क्या बोलीं नेहा बोरा; दिल्ली पुलिस से भी एक मांग
दिल्ली पुलिस ने आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को हिरासत में ले लिया था। हिरासत से बाहर आने के बाद नेहा ने व्यापरियों के समर्थन में बयान देते हुए कहा कि उनका नुकसान हो रहा है।
कॉकरोच जनता पार्टी ने 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में तिरंगा रैली करने की योजना बनाई थी। आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को इस रैली से पहले ही हिरासत में ले लिया गया था। दिल्ली पुलिस ने नेहा को कई घंटे की हिरासत में रखने के बाद रिहा कर दिया। पुलिस की रिहाई के बाद नेहा से जब सवाल पूछा गया कि उनके प्रदर्शन की वजह से दिल्ली के व्यापारियों का नुकसान हो रहा है, तो उन्होंने कहा कि हां, मैं व्यापारियों के हो रहे नुकसान को समझ सकती हूं और उन्हें मेरा समर्थन है। इस दौरान दिल्ली पुलिस से भी नेहा ने एक मांग की है।
व्यापारियों पर क्या बोलीं नेहा बोरा
आइसा की नेहा बोरा ने व्यापरियों को लेकर बात करते हुए कहा कि ये सही बात है कि प्रदर्शन की वजह से कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों के व्यापारियों को नुकसान हो रहा है। इसलिए ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देकर इस प्रदर्शन को खत्म कर देना चाहिए। नेहा ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे, इस तरह का प्रदर्शन चलता रहेगा।
दिल्ली पुलिस अभिजीत को रिहा करने की मांग
दिल्ली पुलिस ने तिरंगा रैली से पहले नेहा बोरा के साथ ही अभिजीत दीपके को भी हिरासत में लिया था। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद नेहा ने दिल्ली पुलिस अभिजीत को रिहा करने की मांग की। नेहा ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि अभिजीत दीपके को भी हिरासत में लिया गया है। अभी पुलिस हिरासत से रिहा होने के बाद पता चला है कि अभिजीत को भी हिरासत में लिया गया है और उन्हें अभी तक छोड़ा नहीं गया है।
पुलिस ने बताया कि दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत हिरासत से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बोरा को रिहा कर दिया गया, जबकि दीपके को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 और 170 के तहत शांति भंग करने के एक नए मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दीपके को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें एसईएम की अदालत में पेश किया जाएगा। अदालत यह तय करेगी कि उन्हें जेल भेजा जाएगा या जमानत पर रिहा किया जाएगा।
इससे पहले, दस अक्टूबर को जब दीपके को हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया था, तब भी शांति भंग करने का एक अलग मामला दर्ज किया गया था। उस समय उनसे एक साल तक शांति बनाए रखने के मुचलके पर हस्ताक्षर कराए थे। रिहा होने के बाद नेहा बोरा ने दिल्ली पुलिस और केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए हिरासत में लेने की इन कार्रवाई को ''गैर-कानूनी'' करार दिया।

