फिर दिल्ली में मेट्रो बंद करना क्या है? शिवाजी पार्क में CJP के विरोध-प्रदर्शन के बीच अभिजीत दीपके ने दागा सवाल
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जंतर-मंतर पर लोगों के किसी भी तरह के गैर कानूनी जमावड़े को रोकने के लिए निषेधाज्ञा (धारा 163) लागू कर दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार को अपनी पार्टी के जेल भरो आंदोलन की वजह से लोगों को परेशानी होने के दावों के बीच, दिल्ली में मेट्रो बंद करने पर सवाल उठाए। उन्होंने मुंबई के शिवाजी पार्क और दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की इजाजत न देने के लिए अधिकारियों की आलोचना की। दीपके जो कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP विरोध-प्रदर्शन के लिए मुंबई में हैं, ने सवाल उठाते हुए पूछा कि अगर शिवाजी पार्क में विरोध-प्रदर्शन से जनता को परेशानी हो रही है, तो दिल्ली में मेट्रो बंद करना क्या है?
लोगों को होने वाली असुविधा को देखते हुए मुंबई के शिवाजी पार्क में आंदोलन की अनुमति ना मिलने पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'अगर शिवाजी पार्क में विरोध प्रदर्शन करना जनता के लिए परेशानी का कारण है, तो दिल्ली में मेट्रो बंद करना क्या है?'
दीपके ने इस वजह से उठाया दिल्ली मेट्रो का मुद्दा
बता दें कि अभिजीत दीपके ने दिल्ली में मेट्रो बंद करने से जुड़ा सवाल इसलिए उठाया, क्योंकि दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए अगले आदेश तक 12 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट की सुविधा बंद कर दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा जंतर-मंतर पर यह विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है।
दिल्ली में इन 12 स्टेशनों पर मेट्रो सेवाएं अगली सूचना तक बाधित
इस बारे में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए DMRC ने बताया था कि 'निम्नलिखित मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास अगली सूचना तक बंद रहेगा। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस, आईएनए, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध रहेगी।' इस दौरान DMRC ने 1. जनपथ, 2. पटेल चौक, 3. केन्द्रीय सचिवालय, 4. राजीव चौक, 5. सेवा तीर्थ, 6. मंडी हाउस, 7. लोक कल्याण मार्ग, 8. आईएनए, 9. चावड़ी बाजार, 10. रामकृष्ण आश्रम मार्ग, 11. नई दिल्ली, 12. बाराखम्बा रोड मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद करने की जानकारी दी थी। यहां तक कि दोपहर तीन बजे के करीब नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा भी अगली सूचना तक के लिए बंद करने की जानकारी दी गई।
AAP नेताओं समेत 700 से ज्यादा हिरासत में लिए गए
इजाजत न मिलने के बावजूद जब सैकड़ों प्रदर्शनकारी मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए शुक्रवार को जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए, तो दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं सौरभ भारद्वाज, संजीव झा, आतिशी और संजय सिंह के साथ-साथ कुछ प्रमुख छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं सहित 700 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
दरअसल AAP के अलावा यहां पर AISA, SFI, NSUI व अन्य छात्र संगठनों के सदस्य विरोध प्रदर्शन करने जमा हुए थे। ये सभी लोग वोटर लिस्ट के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' (SIR) में कथित गड़बड़ियों और बड़ी संख्या में वोटरों के नाम हटाए जाने को लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
भारद्वाज ने कार्यकर्ताओं से की जंतर-मंतर पहुंचने की अपील
पुलिस ने बताया कि उन्होंने AAP नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को नॉर्थ एवेन्यू पर रोका और उन्हें विरोध प्रदर्शन वाली जगह पर जाने से रोक दिया। उधर सौरभ भारद्वाज ने X पर शेयर की एक पोस्ट में कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के बावजूद उन्हें और संजीव झा को हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आंदोलन जारी रखने और जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जंतर-मंतर पर किसी भी अनधिकृत जमावड़े को रोकने के लिए निषेधाज्ञा (धारा 163) लागू कर दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही प्रदर्शन स्थल और आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी गई हैं।

