'दृश्यम' स्टाइल में फेंका फोन, 3 बार बदले कपड़े; फिर भी दिल्ली पुलिस ने लुटेरों को धर दबोचा
पुलिस ने पीड़ित से लूटा गया करीब 90 प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है, जिसमें 250 ग्राम सोने की चेन, नकदी, जेवरात का बैग, वारदात के समय पहने गए कपड़े और हेलमेट शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में एक सुनार से हुई लाखों की लूट के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है और इस वारदात को लेकर दो मुख्य लुटेरों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हथियार के बल पर इस वारदात को अंजाम दिया था और पुलिस ट्रैकिंग से बचने के लिए फिल्म दृश्यम की स्टाइल में मोबाइल फोन को ट्रक में फेंक दिया था, कई बार कपड़े बदले थे। हालांकि इसके बाद भी पुलिस ने 600 फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों को दबोच लिया। मामले की जांच के लिए पुलिस ने जिला स्पेशल स्टाफ और प्रीत विहार थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई थी, जिसने 10 दिन तक चली जांच के बाद आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई 21 सोने की चेन (कुल 250 ग्राम) और 2 लाख 31 हजार रुपए नकद बरामद कर लिए हैं। इनके नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस ने आगे छानबीन करने की बात कही है।
वारदात की जानकारी देते हुए डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि यह वारदात बीती तीन मई की रात को मंडावली इलाके में हुई थी। जहां पिछले 22 सालों से दुकान चला रहे सुनार सुकुमार धारा दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच रास्ते में करीब 10:30 बजे दो हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें रोका और उनकी स्कूटी लूटकर फरार हो गए। गाड़ी की डिग्गी में सोने की 23 चेन, सोने के कुछ टुकड़े, 3 लाख रुपए नकद और उनका मोबाइल फोन रखा था। वारदात के बाद प्रीत विहार पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
फिल्म 'दृश्यम' की तर्ज पर की पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
पुलिस ने बताया कि जिस जगह पर लूट की यह वारदात हुई थी, उस जगह पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, इसलिए पुलिस की कई टीमों ने 10 दिनों तक पूरे रूट के 600 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। बदमाशों ने पुलिस को चकमा देने के लिए भागते वक्त तीन बार अपने कपड़े बदले, कई बार ट्रांसपोर्ट के साधन बदले और पुलिस की तकनीकी जांच को गुमराह करने के लिए पीड़ित का लूटा हुआ मोबाइल फिल्म 'दृश्यम' की तर्ज पर एक चलते ट्रक में फेंक दिया था। लेकिन पुलिस ने विकास मार्ग, सिग्नेचर ब्रिज और भजनपुरा होते हुए उन्हें जाफराबाद स्थित उनके ठिकाने से दबोच लिया।
पांच गिरफ्तारी के साथ लूट का 90 प्रतिशत माल बरामद
इस वारदात को लेकर पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें से मुख्य आरोपी की पहचान 30 वर्षीय विजय कुमार और 35 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है। इनमें से विजय कैब ड्राइवर है और उस पर पहले से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनके अलावा लूट की रेकी करने वाले 26 वर्षीय अर्जुन व 21 वर्षीय आनंद और सुनार की मुखबिरी करने वाले प्रॉपर्टी डीलर 42 वर्षीय हरीश को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पीड़ित से लूटा गया करीब 90 प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है, जिसमें 250 ग्राम सोने की चेन, नकदी, जेवरात का बैग, वारदात के समय पहने गए कपड़े और हेलमेट शामिल हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


