काम की बात: शाहबेरी में बनेगा 3 लेन वाला डबल डेकर एलिवेटेड रोड, ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद तक जाम से राहत

हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
Follow us on Google News
share

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए शाहबेरी में 3 लेन का डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाने की योजना है। इसके इस पर करीब 900 करोड़ रुपये का खर्च होने का अनुमान है।

Greater Noida West

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी में अब डबल डेकर एलिवेटेड रोड यानी दो मंजिला सड़क बनाई जाएगी। चार लेन की एलिवेटेड रोड के लिए पर्याप्त जगह न मिलने की वजह से सलाहकार एजेंसी की मदद से डिजाइन में बदलाव किया गया है।

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अधिकारी इस संबंध में प्रेजेंटेशन दे चुके हैं। अधिकारी का दावा है कि यह उत्तर प्रदेश का पहला डबल डेकर एलिवेटेड रोड होगा। इस पर करीब 900 करोड़ रुपये का खर्च आने का आकलन है। अधिकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा, नोएडा, गाजियाबाद प्राधिकरण (जीडीए) और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से संयुक्त रूप से ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 130 मीटर चौड़ी सड़क से शाहबेरी और क्रॉसिंग रिपब्लिक होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-9 तक करीब 2.5 किलोमीटर लंबी दो मंजिला यानी डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी, जो तीन लेन होगी।

वरिष्ठ प्रबंधक परियोजना विभाग प्रभात शंकर ने बताया कि योजना के तहत पहली मंजिल ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद की तरफ और दूसरी मंजिल गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा की तरफ आने के लिए होगी। मौजूदा सड़क पहले की तरह स्थानीय लोगों के लिए खुली रहेगी। उसके ऊपर बनने वाली एलिवेटेड रोड की प्रत्येक मंजिल नौ से 10 मीटर चौड़ी होगी।

चार के बजाय तीन लेन होंगी

पहले से प्रस्तावित चार लेन के एलिवेटेड रोड के मुद्दे पर प्राधिकरण और एनएचएआई के अधिकारियों के बीच पिछले दिनों जगह की अड़चन पर वार्ता हुई थी। इसके बाद सलाहकार की मदद से दो मंजिला एलिवेटेड रोड बनाने पर सहमति बनी। नई एलिवेटेड रोड तीन लेन की होगी। अधिकारी के मुताबिक एनएचएआई ने दो मंजिला एलिवेटेड सड़क के लिए विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। पहले परियोजना पर 400 करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान था।

जाम से राहत मिलेगी

परियोजना पूरी होने के बाद रोजाना एक लाख से अधिक वाहन चालक नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली की ओर आसानी से आ-जा सकेंगे। अभी व्यस्त समय में 130 मीटर रोड-क्रॉसिंग रिपब्लिक मार्ग पर लगने वाले लंबे जाम से न सिर्फ आम लोगों को दिक्कत होती है, बल्कि मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है। नई सड़क बनने से इस दबाव में सीधी कमी आएगी।

एके सिंह, महाप्रबंधक परियोजना, ''एलिवेटेड रोड के लिए लिए करीब 15 मीटर जगह की जरूरत होती है। मौके पर अधिकतम 14 मीटर जगह ही मिल पा रही है। वहीं डबल डेकर के लिए तीन-तीन लेन दोनों तल पर बनाई जाएंगी। इस डिजाइन में 12 मीटर के अंदर ही छह लेन ट्रैफिक के लिए मिल जाएंगे। यू-शेप पीयर का उपयोग फ्लाईओवर बनाने में किया जाएगा।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।