दिल्ली एयपोर्ट के टर्मिनल-2 पर आंधी से ‘तबाही’; एयर इंडिया के 3 विमानों को नुकसान
दिल्ली एयरपोर्ट पर रविवार शाम को अचानक आई तेज आंधी ने एयर इंडिया के तीन विमानों को भारी नुकसान पहुंचाया। एयरलाइंस ने क्षतिग्रस्त हुए तीनों विमानों को कुछ समय के लिए सेवा से बाहर कर दिया है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आईजीआई) के टर्मिनल-2 पर खड़े एयर इंडिया के तीन विमान तेज आंधी और बारिश के कारण एयरपोर्ट पर रखे उपकरणों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। एयरपोर्ट ऑपरेटर ने बताया यह घटना रविवार शाम की है।
सूत्रों ने बताया कि रविवार शाम अचानक तेज हवा चलने लगी। इसी दौरान विमानों के पास रखे भारी ग्राउंड सपोर्ट इक्विपमेंट तीन विमानों से टकरा गए, जिसके चलते विमानों को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद तीनों विमानों को जांच के लिए सेवा से हटा दिया गया है। इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि तेज हवा या तूफान का लेकर एयरपोर्ट प्रशासन की तरफ से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया था।
'एटीसी ने नहीं दी थी मौसम गड़बड़ाने की सूचना'
ऑपरेटर ने बताया कि अचानक खराब मौसम के कारण एयर इंडिया इंजीनियरिंग और इंडिगो के ग्राउंड इक्विपमेंट अपनी जगह से हट गए और टर्मिनल-2 पर खड़े विमानों से जाकर टकरा गए। प्राइवेट ऑपरेशन ने यह भी कहा कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने (एयरपोर्ट ऑपरेटर या एयरलाइंस को) मौसम में किसी भी बदलाव के बारे में कोई चेतावनी जारी नहीं की थी।
एयरलाइन ने बताया कब तक ठीक होंगे विमान
एयर इंडिया ने इस घटना पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। हालांकि, एयरलाइन के एक सूत्र ने कहा कि खराब मौसम की वजह से एयर इंडिया के तीन प्लेन के साथ-साथ दूसरे ऑपरेटरों के एयरक्राफ्ट भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिन तीन एयरक्राफ्ट पर असर पड़ा है, उनमें से दो जल्द ही ऑपरेशन में वापस आ जाएंगे, जबकि तीसरे को ठीक होने में थोड़ा और वक्त लगेगा।
दिल्ली में सोमवार को पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान इस मौसम के औसत से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से 0.1 डिग्री अधिक 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को आमतौर पर आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। आईएमडी ने अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की उम्मीद जताई है।
वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी में रविवार शाम 4 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 144 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, 0 से 50 के बीच का एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 'मध्यम', 201 से 300 'खराब', 301 से 400 'अत्यंत खराब' और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।


