होली पर इस बार नोएडा नहीं दिल्ली-गाजियाबाद से मिलेंगी लंबी दूरी की बसें, ये है वजह

Feb 21, 2026 08:39 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नोएडा
share

होली पर नोएडा डिपो से लंबी दूरी की रोडवेज बसों की सुविधा नहीं मिलेगी। ऐसे में यात्रियों को दिल्ली और गाजियाबाद बस अड्डे जाना होगा। लंबे रूट पर सीएनजी भरवाने की सुविधा नहीं होने और वातानुकूलित डीजल बसें डिपो को नहीं मिलने के कारण यह दिक्कत होगी।

होली पर इस बार नोएडा नहीं दिल्ली-गाजियाबाद से मिलेंगी लंबी दूरी की बसें, ये है वजह

होली पर नोएडा डिपो से लंबी दूरी की रोडवेज बसों की सुविधा नहीं मिलेगी। ऐसे में यात्रियों को दिल्ली और गाजियाबाद बस अड्डे जाना होगा। लंबे रूट पर सीएनजी भरवाने की सुविधा नहीं होने और वातानुकूलित डीजल बसें डिपो को नहीं मिलने के कारण यह दिक्कत होगी।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो में 305 बसें हैं। इसमें नोएडा डिपो की 188 बसें शामिल हैं। डिपो की सभी बसें साधारण और सीएनजी से चलने वाली हैं। इसमें आगरा, मथुरा, एटा, कासगंज, बदायूं, बरेली, लखनऊ, हरिद्वार, कोटद्वार, सहारनपुर, मेरठ, हाथरस समेत अन्य शहरों की बस सेवा शामिल है। सीएनजी चालित होने के कारण लखनऊ के अलावा डिपो से लंबी दूरी की बसें नहीं चलती हैं। इसका मुख्य कारण रोडवेज बसों के लिए रास्ते में सीएनजी भराने की व्यवस्था नहीं मिलना बताया जाता है।

नोएडा डिपो को डीजल चलित वातानुकूलित बसें मिलनी थीं, जो अब तक नहीं मिल पाईं। डीजल चलित होने के कारण इन बसों को लंबी दूरी तक भेजा जा सकता है। दिल्ली और गाजियाबाद के कौशांबी और साहिबाबाद बस अड्डे से लंबी दूरी स्थित शहरों के लिए बसें चलती हैं। इसमें प्रयागराज, अयोध्या समेत अन्य शहरों के लिए बसें शामिल हैं। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम गौतमबुद्ध नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि सीएनजी चलित होने के कारण डिपो से लंबी दूरी के लिए बसें भेजना संभव नहीं है। जिन शहरों के लिए डिपो से बसें चलती हैं, उनके लिए होली पर शत प्रतिशत और बसों के अतिरिक्त फेरों की सुविधा यात्रियों को मिलेगी।

नोएडा डिपो होकर कई शहरों के लिए अन्य डिपो की वातानुकूलित बसें निकलती हैं। इसमें आगरा, मथुरा, लखनऊ के लिए बस सेवा शामिल है। इनमें से एक बस लखनऊ होकर गोरखपुर के लिए जाती है। इन सभी बसों में ज्यादातर यात्री ऑनलाइन टिकट बुक कराते हैं।

डबल डेकर बसें होली के बाद चलेंगी

होली के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों को डबल डेकर बसों की सुविधा मिलेगी। डिपो को मिली 8 डबल डेकर बसें सड़कों पर उतरेंगी। इनके रूट और किराया निर्धारण को लेकर काम चल रही है। नोएडा डिपो के अधिकारियों के अनुसार सभी बसें वातानुकूलित और इलेक्ट्रिक चलित हैं। इनके चलने से यात्रियों को राहत मिलेगी।

त्योहार से पहले 24 घंटे सेवा मिलेगी

रोडवेज के अधिकारियों के अनुसार होली के दो से तीन दिन पहले से रोडवेज बसों में भीड़ होती है। बसों में सवार होने के लिए बड़ी संख्या में यात्री देर रात तक डिपो में पहुंचते हैं। नोएडा डिपो से 24 घंटे बसें मिलने की सुविधा नहीं है। भीड़ होने की स्थिति में 24 घंटे बसों की सुविधा यात्रियों को दी जाएगी। बसों के साथ-साथ इस अवधि में यात्री पूछताछ काउंटर भी 24 घंटे तक काम करेगा।

ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा

क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि मेरठ रूट के अलावा बाकी सभी शहरों की बसों के लिए ऑनलाइन टिकट बुक करने की सुविधा है। यात्री www.upsrtc.gov.in पर नोएडा डिपो से चलने वाली साधारण बसों के लिए टिकट बुक करा सकते हैं।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।