हिंसा को उकसाने वाले हाथ, असल मारकाट करने वाले हाथों जितने दोषी; ताहिर हुसैन को सजा सुनाते हुए बोला कोर्ट

हिन्दुस्तान टीम
share

अदालत ने कहा कि हुसैन ने किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, जिसमें यह आरोप लगाया गया हो कि उन्होंने जबरन उसके घर पर कब्जा कर लिया और दंगों के दौरान लोगों पर हमला करने के लिए उसका इस्तेमाल किया।

“The hand that guides is as guilty, if not more, as the hand that acts”: Court on Tahir Hussain
जो हाथ हिंसा को गाइड करता है, वह असल हिंसा करने वालों जितना दोषी; ताहिर हुसैन को सजा सुनाते हुए बोला कोर्ट

दिल्ली की कड़कड़डूमा अदालत ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को साल 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में भड़की साम्प्रदायिक हिंसा के दौरान दंगे भड़काने में मदद करने के लिए 2 साल की जेल की सजा सुनाई। फैसला सुनाते हुए अदालत ने कहा कि 'जो हाथ हिंसा के लिेए रास्ता दिखाता है, वह अगर ज्यादा नहीं तो, उतना ही दोषी होता है, जितना कि वह हाथ जो वास्तव में हिंसा करता है।' अदालत ने कहा कि उस वक्त एक निर्वाचित प्रतिनिधि होने के बाद भी उन्होंने शांति व सद्भाव बनाए रखने के बजाय अपने पद का इस्तेमाल हिंसा को बढ़ावा देने के लिए किया। वहीं जब दोषी की तरफ से इस आधार पर सजा में नरमी बरतने की अपील की गई कि वह भीड़ में शारीरिक रूप से शामिल नहीं था, तो अदालत ने उसकी इस दलील को खारिज कर दिया और कहा कि उसका मौके पर नहीं होना उस अपराध की गंभीरता को कम नहीं करता है, जिसके लिए हुसैन को दोषी ठहराया गया था।

इससे पहले 10 अक्टूबर को ताहिर हुसैन को दंगा करने और भीड़ को उकसाने के लिए दोषी ठहराया गया था। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रवीण सिंह की अदालत ने कहा कि दोषी ताहिर हुसैन की तरफ से सजा कम करने के लिए दी गई दलीलों की तुलना में अपराध की गंभीरता बढ़ाने वाले हालात कहीं अधिक भारी हैं। ऐसे में सजा कम करने के लिए कोई ठोस आधार नहीं मिला है।

सरकारी वकील ने की अधिकतम सजा देने की मांग

मामले की सुनवाई के दौरान विशेष लोक अभियोजक मधुकर पांडे ने ताहिर हुसैन के लिए अधिकतम सजा की मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि हिंसा से जुड़े किसी मामले में यह उसकी दूसरी दोषसिद्धि है। उन्होंने कहा कि उस समय एक निर्वाचित प्रतिनिधि होने के नाते ताहिर हुसैन की जिम्मेदारी शांति बनाए रखने की थी, लेकिन इसके बजाय उन्होंने दंगाइयों को अपने घर का इस्तेमाल करके आम लोगों पर हमला करने की छूट दी और इस तरह दंगों को बढ़ावा दिया।

'ऐसी सजा देंगे, जो दूसरों के लिए एक सबक बने'

अदालत ने कहा कि सांप्रदायिक रूप से तनावपूर्ण माहौल में ताहिर हुसैन से यह उम्मीद की जाती थी कि वे लोगों को संयमित रखने में भूमिका निभाएंगे। लेकिन एक चयनित जनप्रतिनिधि होने के बावजूद उन्होंने दंगों को भड़काया और पूरे इलाके में तनाव बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाई। कोर्ट ने कहा, 'हुसैन ने अपना घर (जो उस इलाके की सबसे ऊंची जगह थी) दंगाइयों को उपलब्ध कराया, जहां से वे लोगों पर हमला कर सकते थे तथा दूसरे समुदाय के लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा सकते थे। अदालत ने कहा कि हुसैन के पद का इस्तेमाल हिंसा रोकने के लिए होना चाहिए था, लेकिन इसके बजाय इसका इस्तेमाल हिंसा को बढ़ावा देने के लिए किया गया। इसलिए ऐसी सजा दी जानी चाहिए जो अपराध की गंभीरता को दर्शाए व दूसरों के लिए एक सबक बने।'

'जो हाथ हिंसा को गाइड करता है वह कम दोषी नहीं होता'

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने सजा में नरमी बरतने की अपील की, जिसे खारिज करते हुए अदालत ने कहा कि दंगाइयों की भीड़ में हुसैन का शारीरिक रूप से मौजूद न होना उसके अपराध को कम नहीं करता। सिर्फ इसलिए कि अभियोजन पक्ष यह साबित नहीं कर पाया कि दोषी दंगों में सक्रिय रूप से शामिल था, उसके आचरण की गंभीरता कम नहीं हो जाती। क्योंकि जो हाथ हिंसा को निर्देशित (गाइड) करता है, वह भी उतना ही या उससे भी ज्यादा दोषी होता है, जितना कि वह हाथ जो वास्तव में हिंसा करता है।

हिंसा पर उतारू भीड़ के जबरन घुसने की दलील को नहीं माना

सजा पर सुनवाई के दौरान अदालत ने हुसैन के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि हिंसा पर उतारू मुस्लिमों की एक भीड़ ने उसके घर पर जबरन कब्जा कर लिया था, जिससे वह बेबस हो गया था। उसने बताया कि इसके बाद उसने मदद मांगने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम को कई बार फोन भी किया था। हालांकि अदालत ने कहा कि वह इन कथित फोन कॉल्स को साबित करने में नाकाम रहा। अदालत ने कहा कि वह अपने बचाव में कोई अन्य सबूत भी पेश नहीं कर सका।

अदालत ने कहा कि हुसैन ने किसी ज्ञात या अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, जिसमें यह आरोप लगाया गया हो कि उन्होंने जबरन उसके घर पर कब्जा कर लिया और दंगों के दौरान लोगों पर हमला करने के लिए उसका इस्तेमाल किया।

दो साल की सजा व दस हजार रुपए का जुर्माना

अदालत ने कहा कि बचाव पक्ष द्वारा दी गई दलीलों (राहत देने वाले कारकों) की तुलना में अपराध की गंभीरता को बढ़ाने वाले कारक कहीं अधिक भारी हैं। इसके चलते अदालत ने उसे दो साल की कठोर कैद की सजा सुनाई है। साथ ही दस हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है।

अधिक गंभीर आरोपों से ताहिर को किया बरी

ताहिर हुसैन को इस बात के लिए दोषी ठहराया गया है कि उसने 24 फरवरी 2020 को मुख्य करावल नगर रोड स्थित अपने घर की छत पर भीड़ को एकत्रित होने दिया, जिसने वहां से गुजर रहे राहगीरों पर पत्थर फेंककर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी किया। हालांकि अदालत ने इस मामले में ताहिर हुसैन को अधिक गंभीर आरोपों से बरी कर दिया था, जिसमें घातक हथियारों के साथ दंगा करना, चोरी, तोड़फोड़ व बिना अनुमति किसी की संपति में घुसना शामिल था। अदालत ने नौ अन्य आरोपियों को भी बरी कर दिया था, क्योंकि अभियोजन पक्ष उनके खिलाफ अपना मामला साबित करने में विफल रहा था।

हुसैन को दूसरे मामले में ठहराया गया दोषी

फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में भड़की साम्प्रदायिक हिंसा के मामले में हुसैन को दूसरी बार दोषी ठहराया गया है। इससे पहले 31 जुलाई को अदालत ने उसे और चार अन्य दोषियों को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आई) अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsहिंसा उकसाने वाले हाथ, असल मारकाट करने वाले हाथ जितने दोषी;ताहिर हुसैन पर अदालत