
दिल्ली कार धमाका: रेखा सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान, मृतकों-घायलों के परिजनों को क्या मदद?
दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार धमाके में अब तक 12 लोगों के मरने की खबर है। इस भीषण हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। दिल्ली की रेखा सरकार ने मृतकों और घायलों के परिवार को मुआवजा देने का ऐलान किया है।
दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार धमाके में अब तक 12 लोगों के मरने की खबर है। इस भीषण हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। दिल्ली की रेखा सरकार ने मृतकों और घायलों के परिवार को मुआवजा देने का ऐलान किया है। सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा- "इस घटना में मृतक के परिवारों को 10 लाख रुपये, स्थायी रूप से अक्षम लोगों को 5 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2 लाख रुपये की राशि देगी।"

सीएम रेखा ने लिखा- ‘दिल्ली में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। इस मुश्किल की घड़ी में दिल्ली सरकार की गहरी संवेदनाएँ उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और जो इस घटना में घायल हुए हैं। दिल्ली सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ मज़बूती से खड़ी है और हमने तत्काल राहत के लिए एक संवेदनशील निर्णय लिया है।’
दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धीमी गति से गुजर रही एक कार में सोमवार शाम जबरदस्त विस्फोट हुआ, जिसमें अब तक 12 लोगों की मौत और 20 लोगों के घायल होने की खबर है। अधिकारियों ने बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाके में व्यस्त समय में हुए विस्फोट के कारण आसपास मौजूद कई वाहन जलकर खाक हो गए, जबकि कई गाड़ियों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। उन्होंने बताया कि विस्फोट में घायल लोगों को लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल ले जाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना ज़ोरदार था कि कई मिनट तक उन्हें कुछ भी साफ़ सुनाई नहीं दे रहा था। उन्होंने बताया कि तेज़ धमाके की आवाज़ आईटीओ तक, लगभग दो किलोमीटर तक, एक बड़े इलाके में सुनाई दी। इससे कई मीटर दूर खड़ी गाड़ियों के शीशे और लाल किला मेट्रो स्टेशन के शीशे टूट गए।



