ग्रेटर नोएडा में नहर में गिरी THAR में मिली महिला की लाश; पति ने बताया हादसा; भाई ने बोला यह हत्या

हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
Follow us on Google News
share

ग्रेटर नोएडा में नहर में मिली थार गाड़ी के अंदर से विवाहित महिला की लाश मिलने का मामला सामने आया है। उसकी 6 साल पहले शादी हुई थी। मृतका के मायकेवालों ने उसके पति पर हत्या कर इसे हादसे का रूप देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि घटना की सही जानकारी नहीं दी गई। 

 THAR fell into canal Greater Noida
गौतमबुद्धनगर जिले के भट्टा गांव के नहर में गिरी हुई थार। मृतक रीना

ग्रेटर नोएडा के पास दनकौर के भट्टा गांव में पुलिस चेकपोस्ट के पास एक थार गाड़ी नहर में गिरने से उसमें सवार महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि पति की जान बच गई। महिला के मायके वालों ने पति पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, भट्टा गांव निवासी मोहित अपनी पत्नी रीना के साथ रविवार देर रात मथुरा से घूमकर थार से वापस भट्टा गांव लौट रहे थे। मोहित ने पुलिस को बताया कि भट्टा गांव के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में जा गिरी। जैसे-तैसे मोहित ने कार से निकल कर अपनी जान बचाई, लेकिन पत्नी नहर के पानी में डूब गई और उसकी मौत हो गई। बुलंदशहर के जहांगीराबाद के गांव खालौर निवासी मृतका के भाई सोनू ने बताया कि करीब 6 साल पहले उसकी बहन रीना की शादी भट्टा गांव निवासी मोहित से हुई थी। दोनों का एक पांच साल का बेटा भी है।

भाई बोला, तलाक के लिए बहन पर बना रहे थे दबाव

भाई का आरोप है कि करीब 20 दिन से रीना फोन कर बता रही थी कि उसका पति तलाक लेने की जिद कर रहा है, लेकिन पति के परिवार के लोगों से बात की जाती थी तो सब कुछ ठीक बताते थे। रविवार देर रात पति ने सूचना दी कि हादसा हो गया है, जिसमें रीना की पानी में डूबने से मौत हो गई है। महिला के भाई का आरोप है कि घटना की जानकारी भी सही नहीं दी गई।

थार पानी में पलटी नहीं थी

घटना की सूचना पर गांव के लोग और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। थार पानी में पलटी हुई नहीं थी। पानी में खड़ी हुई थी और पानी भी शीशे के नीचे तक था। मृतका के भाई का आरोप है कि पति ने हत्या कर शव को नहर में डालकर घटना को हादसे का रूप दिया है। भाई ने पुलिस पर भी सूचना देने के दो घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचने और बहन के पति से रुपये लेकर समझौता करने का दवाब बनाने का आरोप लगाया है।

कोतवाली प्रभारी पर कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद मौत का सही कारण पता चल पाएगा। वहीं परिजनों की तरफ से शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस आज घटना का पूरा सीन दोहराएगी

दनकौर कोतवाली पुलिस घटना की सच्चाई जानने के लिए पूरा सीन रीक्रिएट करेगी। पुलिस द्वारा गाड़ी से सीन रीक्रिएट किया जाएगा। देखा जाएगा कि गाड़ी कैसे नहर में गिरी, इसके बाद चालक ने अपनी जान कैसे बचाई। नहर में गिरने के बाद गाड़ी कितनी अंदर तक पानी में डूबी। पुलिस का कहना है कि मंगलवार को एक बार पूरा सीन दोहराया जाएगा। इसके आधार पर ही जांच कर मामले में अगली कार्रवाई तय की जाएगी।

पति से पूछताछ होगी

विवाहिता के परिजनों द्वारा पति पर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी के लिए महिला के पति से पूछताछ की जाएगी। घटना के बारे में पूरी जानकारी ली जाएगी। कैसे हादसा हुआ, उसकी जान कैसे बची और महिला कैसे पानी में डूब गई। पुलिस इन सभी सवालों का जवाब पति से जानने कि इस घटना का खुलासा करेगी।

फुटेज की भी जांच

परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप का खुलासा करने के लिए पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है की घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी जाएगी। इसमें देखा जाएगा कि घटना से पहले महिला गाड़ी में किस स्थिति में थी। इसके अलावा पुलिस दोनों के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगालेगी।

रवि शंकर, एसीपी, ग्रेटर नोएडा, ''एक बार घटनास्थल पर जाकर पूरा घटनाक्रम दोहराया जाएगा। इसके अलावा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से भी मौत का कारण पता चल सकेगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और घटनाक्रम को देखकर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsनहर में गिरी THAR मिली महिला की लाश; पति ने बताया हादसा; भाई ने बोला यह हत्या