
दिल्ली में ठक-ठक गिरोह के बदमाश लाखों रुपए की ज्वेलरी लेकर फरार, इस तरकीब से की वारदात
आरोपी बदमाश कार की डिग्गी खोलकर उसमें रखा गहनों का बैग व 22 हजार कैश लेकर फरार हो गए। आरोपी जो गहने ले गए उनमें सोने की दो चूड़ियां, एक चेन व अंगूठी के अलावा हीरे की तीन जोड़ी ईयर टॉप्स व दो अंगूठी भी शामिल हैं।
दिल्ली में सक्रिय ठक-ठक गिरोह के बदमाशों ने शहर के पांडव नगर इलाके में एक कार की डिग्गी में रखी लाखों रुपए की ज्वेलरी व नकद पार कर दी। इस वारदात को अंजाम देने के लिए बाइक सवार बदमाशों ने मदर डेयरी फ्लाईओवर के पास पीड़ित को कार में कुछ खराबी होने का इशारा किया, इसके बाद जब पीड़ित खराबी को देखने के लिए नीचे उतरा तो बदमाश कार की डिग्गी में रखा गहनों का बैग लेकर रफूचक्कर हो गए। वारदात के वक्त पीड़ित युवक अपनी मां के साथ कार में जा रहा था और गाड़ी को ड्राइवर चला रहा था।

पुलिस के पास दर्ज कराई अपनी शिकायत में युवक ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उनकी कार में कुछ खराबी होने का इशारा किया था। इस झांसे में आकर पीड़ित कार से नीचे उतर गया और कार की जांच करने लगा। इसी बीच हेलमेट पहने बाइकसवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पूरे मामले की जांच कर रही है।
बाइक सवार दो युवकों ने की वारदात
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता 17 वर्षीय वंशदीप सिंह है, जो कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ का रहने वाला है। वह किसी काम से परिवार के साथ गाजियाबाद आया हुआ था। इसी दौरान तीन नवंबर को जब वह कार में बैठकर परिवार समेत वापस जा रहा था। तभी अचानक बीच रोड पर आए बाइकसवार दो युवक उनकी कार में कुछ खराबी का इशारा करने लगे। पीड़ित तत्काल अपने ड्राइवर के साथ कार से बाहर आए और कार की जांच करने लगे।
बैग में रखी थी लाखों रुपए की ज्वेलरी
उनके उतरते ही आरोपी उनकी कार की डिग्गी खोलकर उसमें रखा गहनों का बैग व 22 हजार नकद लेकर फरार हो गए। गहनों में सोने की दो चूड़ियां, एक चेन व अंगूठी के अलावा हीरे की तीन जोड़ी ईयर टॉप्स व दो अंगूठी भी शामिल हैं। इसके अलावा बैग में एक मोबाइल फोन भी था। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों की बाइक में नंबर प्लेट नहीं थी और उन्होंने हेलमेट भी लगा रखा था। इसकी वजह से उनका चेहरा व बाइक का नंबर नहीं देख सके।
आरोपियों के फरार होने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसी बीच बैग में रखे मोबाइल फोन पर कॉल करने पर NHAI स्टाफ ने कॉल रिसीव किया और बताया कि फोन सड़क किनारे पड़ा मिला। फिलहाल पुलिस पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज करके जांच कर रही है।





