तरुण हत्याकांड : उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में घरों पर लगे ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर

Apr 20, 2026 06:10 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुई तरुण की हत्या के बाद से लोग अपने ही घरों में खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इस घटना के बाद कई परिवारों ने घरों के बाहर ‘यह मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर लगा दिए हैं। 

तरुण हत्याकांड : उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में घरों पर लगे ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर

दिल्ली के उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में होली के दिन तरुण की हत्या के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। लोग अपने ही घरों में खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ है। कई परिवारों ने घरों के बाहर ‘यह मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर लगा दिए हैं। स्थानीय लोग पुश्तैनी जमीन छोड़ने को मजबूर हैं।

सुरक्षा के बजाय मिल रही धमकी

जानकारी के अनुसार, होली के दिन मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। बच्ची के गुब्बारे के पानी को लेकर शुरू झगड़े में तरुण की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 16 गिरफ्तारियां की है। स्थानीय निवासियों का कहना है आरोपियों के रिश्तेदार और महिलाएं गवाहों को धमका रहे हैं। पीड़ितों का कहना है कि ‘एक को मार दिया, अब दूसरे की बारी है’ जैसी धमकियां दी जा रही हैं। इन धमकियों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, लेकिन स्थानीय पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। इधर, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि इस घटना के बारे में लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल

स्थानीय निगम पार्षद साहिब ऐशवाल का आरोप है कि पुलिस खुद आरोपियों के रिश्तेदारों को ‘एस्कॉर्ट’ करके घर तक ला रही है। 13 अप्रैल को बाबू खान और कई महिलाओं को पुलिस सुरक्षा में लाया गया, जिन्होंने आते ही पीड़ित परिवार को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। तरुण के परिवार के वकील सुमित चौहान के अनुसार, धमकियों के पुख्ता वीडियो सबूत होने के बावजूद पुलिस नई एफआईआर दर्ज करने से कतरा रही है।

पुलिस सुरक्षा व्यवस्था

आरोपियों का घर जिस गली में स्थित है, वहां गली के कोने पर दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, आरोपियों के घर के बाहर भी दो पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी पर मौजूद रहते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब भी आरोपियों के रिश्तेदार या अन्य लोग यहां रहने के लिए आते हैं, तो दिल्ली पुलिस के अधिकारी उन्हें सुरक्षा के बीच घर तक पहुंचाते हैं।

पीड़ितों के आरोप

● सोशल मीडिया पर धमकियों के वीडियो वायरल हो रहे

●आरोपियों के रिश्तेदारों द्वारा लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं

●वीडियो साक्ष्य मौजूद होने के बावजूद पीड़ितों की नई शिकायतें दर्ज नहीं की जा रही हैं

●जेजे कॉलोनी में 60-65 साल से रह रहे परिवार सुरक्षा के अभाव में घर बेचने को मजबूर हैं

●स्थानीय लागों ने पुलिस पर आरोपियों के घरों की पहरेदारी करने का आरोप लगाया है

उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में एक घर की दीवार पर लगा पोस्टर।

‘तीन पीढ़ियों की यादों पर भारी पड़ा खौफ’

जेजे कॉलोनी के टेकचंद बताते है कि उनके दादा 60 साल पहले राजस्थान के चोमू से सुनहरे भविष्य के लिए दिल्ली आए थे। आज तीन पीढ़ियों बाद, टेकचंद को अपनी पुश्तैनी दुकान और घर बेचने का फैसला लेना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की महिलाएं घर आकर जान से मारने की धमकी देती हैं। पुलिस अपराधियों को पकड़ने के बजाय उनके घरों के बाहर सुरक्षा दे रही है।

‘मामले की जांच जारी’

जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि पोस्टर चिपकाने की घटना सामने आई है। इस लोगों से पूछताछ की जा रही है। धमकी देने वालों पर जल्द कार्रवाई होगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि किसी को डरने की जरूरत नहीं, सभी के लिए कानून समान है और सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।