दंगाइयों को पत्थरबाजी के लिए ताहिर ने मुहैया कराई थी छत कराई, कोर्ट ने आदेश में क्या कहा
राज्य की ओर से विशेष लोक अभियोजक मधुकर पांडे ने दलील दी कि चश्मदीदों और गवाहों के बयानों से यह साफ साबित होता है कि घटना के दिन एक उग्र भीड़ ने मुख्य करावल नगर रोड पर बड़े पैमाने पर हिंसा और तोड़फोड़ की थी।

निखिल पाठक, नई दिल्ली: साल 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े एक मामले में कड़कड़डूमा कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को दंगा भड़काने का दोषी ठहराया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रवीण सिंह की अदालत ने अपने 64 पन्नों के फैसले में महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि ताहिर हुसैन ने उपद्रवियों को अपने घर की छत का इस्तेमाल एक 'ऊंचे रणनीतिक ठिकाने' के रूप में करने दिया, जहां से भीड़ ने राहगीरों और आसपास की संपत्तियों पर पथराव किया। वहीं, सबूतों के अभाव में अदालत ने मामले के नौ अन्य सह-आरोपियों को सभी आरोपों से बरी कर दिया है।
राज्य की ओर से विशेष लोक अभियोजक मधुकर पांडे ने दलील दी कि चश्मदीदों और गवाहों के बयानों से यह साफ साबित होता है कि घटना के दिन एक उग्र भीड़ ने मुख्य करावल नगर रोड पर बड़े पैमाने पर हिंसा और तोड़फोड़ की थी। उन्होंने अदालत को बताया कि ताहिर के घर की ओर से लगातार पथराव किया जा रहा था, जिससे यह साफ होता है कि आरोपी ने अपनी बहुमंजिला इमारत की छत दंगाइयों को मुहैया कराकर उन्हें अप्रत्यक्ष रूप से संरक्षण और बल प्रदान किया था। हालांकि, अदालत ने पाया कि किसी भी चश्मदीद ने ताहिर हुसैन को सीधे तौर पर दुकानों में आगजनी, लूटपाट करने या भीड़ में शामिल होकर हथियार बांटने के आरोप को पुख्ता तौर पर साबित नहीं किया, लेकिन यह पूरी तरह से साबित हुआ है कि दंगे के दौरान ताहिर के घर की छत पर उपद्रवियों का बड़ा हुजूम मौजूद था।
कोर्ट ने अपने आदेश में रेखांकित किया कि ताहिर ने उपद्रवियों को अपनी इमारत का इस्तेमाल करने दिया। वहां से दंगाइयों ने मुख्य करावल नगर रोड पर गुजरने वाले आम लोगों और दुकानों पर पत्थरबाजी की। ताहिर ने बचाव में तर्क दिया था कि भीड़ ने उनके घर में जबरन प्रवेश किया था और वे इसे रोक नहीं सके थे, लेकिन वे अदालत के समक्ष अपने इस दावे का कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर पाए। इसके आधार पर अदालत ने ताहिर हुसैन को आईपीसी की धारा 147 (दंगा करना) के साथ धारा 109 के तहत दोषी ठहराया, जबकि अन्य गंभीर धाराओं से उन्हें बरी कर दिया।
ताहिर
पुलिस गवाहों के बयानों में विरोधाभास
अदालत ने आरोपियों को बरी करते हुए दिल्ली पुलिस की जांच प्रक्रिया और पुलिस गवाहों की गवाही पर गंभीर सवाल उठाए। अदालत ने नोट किया कि पुलिस गवाहों ने अदालत में बयान देते समय कई नई बातें जोड़ीं जो सीआरपीसी की धारा 161 के तहत पुलिस को दिए गए शुरुआती बयानों में गायब थीं। इसके अलावा पुलिस द्वारा अदालत में ड्यूटी रोस्टर पेश न किए जाने से भी पुलिस गवाहों की मौके पर मौजूदगी पर संदेह उत्पन्न हुआ।

