सावधान! ठीक होने के बाद दोबारा हो सकता है संक्रमण, स्वाइन फ्लू को लेकर सतर्क रहें
इन दिनों इन्फ्लुएंजा का संक्रमण फैला हुआ है। इसमें स्वाइन फ्लू के संक्रमण से लोग अधिक बीमार हो रहे हैं। डॉक्टर बताते हैं कि स्वाइन फ्लू ठीक होने के बाद भी फ्लू का संक्रमण दोबारा हो सकता है। इसलिए गंभीर संक्रमण से पीड़ित होने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में इन दिनों इन्फ्लुएंजा का संक्रमण फैला हुआ है। इसमें एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) के संक्रमण से लोग अधिक बीमार हो रहे हैं। कई को सांस की गंभीर बीमारी होने से भर्ती करने और ऑक्सीजन सपोर्ट की भी जरूरत पड़ रही है। राहत की बात है कि अस्पताल में भर्ती होने वाले ज्यादातर गंभीर मरीज ठीक हो रहे हैं। इस बीच डॉक्टर बताते हैं कि स्वाइन फ्लू ठीक होने के बाद भी फ्लू का संक्रमण दोबारा हो सकता है। इसलिए गंभीर संक्रमण से पीड़ित होने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
आईएलबीएस अस्पताल के क्लीनिकल वायरोलॉजी की विभागाध्यक्ष डॉ. एकता गुप्ता ने बताया कि इन दिनों इन्फ्लुएंजा-ए के एच1एन1 के अलावा एच3एन2 और इन्फ्लुएंजा-बी का भी संक्रमण हो रहा है। ऐसे में एच1एन1 से संक्रमित व्यक्ति ठीक होने के बाद एच3एन2 या इन्फ्लुएंजा-बी के संक्रमण के कारण बीमार हो सकता है। इन्फ्लुएंजा के वायरस के जेनेटिक में हल्का बदलाव होते रहता है। इस वजह से एच1एन1 के संक्रमण से एक बार बीमार होने के बाद छह से आठ माह में दोबारा भी बीमार पड़ सकते हैं।
एम्स के पल्मोनरी मेडिसिन के सहायक प्रोफेसर डॉ. सौरभ मित्तल ने बताया कि एच1एन1 का संक्रमण होने पर बुखार तीन से चार दिन में ज्यादातर लोगों में ठीक हो जाता है, लेकिन कुछ लोगों में खांसी दो से तीन सप्ताह भी रहती है। अधिक दिनों तक और तेज खांसी होने पर इनहेलर या सीरप देने की जरूरत पड़ती है।
15.2 प्रतिशत मरीजों को पड़ी ऑक्सीजन की जरूरत
इंडियन सोसाइटी ऑफ क्लीनिकल वायरोलॉजी की ओर से हाल ही में इन्फ्लूएंजा के संक्रमण को लेकर वेबिनार आयोजित की गई। इसमें भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के एक विशेषज्ञ ने जून से अगस्त के बीच एच1एन1 से पीड़ित होने के कारण अस्पतालों में भर्ती होने वाले 442 मरीजों के डाटा का विश्लेषण प्रस्तुत किया। इसमें बताया गया कि 15.2 प्रतिशत मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट और करीब दो प्रतिशत मरीजों को वेंटिलेटर सपोर्ट की जरूरत पड़ी।
121 नए मामले मिले
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में स्वाइन फ्लू के 121 मामले आए हैं। इसके अलावा यहां के अस्पतालों में 30 मामले बाहर के भी सामने आए हैं। इस वजह से दिल्ली में अब तक स्वाइन फ्लू के कुल मामले बढ़कर 3582 हो चुके हैं।


