स्वतंत्र भारद्वाज को यूपी से हिरासत में लिया गया, कॉकरोच पार्टी के विरोध के बाद ऐक्शन में आई दिल्ली पुलिस
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया था कि पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की थी।

कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक छात्रा के पिता पर हमला करने वाले हिंदूवादी कार्यकर्ता स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंद शहर से हिरासत में ले लिया है। इसी मांग को लेकर CJP के प्रमुख नेताओं व कार्यकर्ताओं ने यूपी से सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ मिलकर शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने का घेराव किया था। जिसके बाद पुलिस ने 72 घंटे के अंदर स्वतंत्र को गिरफ्तार करने का वादा किया था। हालांकि इसके कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भारद्वाज को खोजने के लिए पुलिस ने कई टीमें लगाई थीं। इस दौरान जब उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम नैथला गांव पहुंची, तो इससे पहले ही वह एक बुलेट मोटरसाइकिल से खुर्जा की ओर भाग निकला। हालांकि फिर भी पुलिस ने उसे दबोच लिया। अधिकारियों ने बताया कि उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था।
कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर CJP ने किया था घेराव
इससे पहले स्वतंत्र भारद्वाज का एक इंटरव्यू वायरल होने के बाद कॉकरोच पार्टी ने उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार सुबह दिल्ली के संसद मार्ग थाने का घेराव किया था। इस इंटरव्यू में स्वतंत्र ने जुलाई में जंतर-मंतर पर हुए CJP के धरना-प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी छात्रा निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर हमला करते हुए उन्हें गंभीर रूप से चोट पहुंचाने का दावा किया था, साथ ही बताया था कि इसके बाद भी राजनीतिक रसूख की वजह से उसे जेल नहीं जाना पड़ा था। इसी इंटरव्यू का वीडियो वायरल होने के बाद CJP समर्थकों व दलित कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने संसद मार्ग थाने का घेराव कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया था कि इस हमले के बाद पुलिस ने आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की थी। प्रदर्शनकारियों में CJP के सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका के अलावा आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद भी शामिल थे।
पुलिस ने दिया था 72 घंटे में कार्रवाई का आश्वासन
कॉकरोच जनता पार्टी (CPJ) द्वारा शुक्रवार को संसद मार्ग थाने का घेराव करने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले में पॉक्सो एक्ट, हत्या की कोशिश की धारा व SC-ST एक्ट की धाराएं भी बढ़ाने की बात भी कही थी। साथ ही पुलिस ने 72 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन भी दिया था।
पुलिस ने गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी थी सफाई
इससे पहले गुरुवार को स्वतंत्र के इस वीडियो के वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने सफाई देते हुए बताया था कि 38-वर्षीय संजय कुमार को हाथापाई के दौरान सिर में साधारण चोट लगी थी। साथ ही मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए पुलिस ने स्वतंत्र के इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया था कि इस हमले में संजय की खोपड़ी की हड्डी टूट गई थी।
पुलिस ने कहा था कि भारद्वाज और एक अन्य आरोपी सूरज कुमार को घटनास्थल से ही हिरासत में लिया गया था, और पूछताछ करने के बाद नोटिस दिया गया था। साथ ही पुलिस ने इस मामले में जल्द ही आरोप-पत्र दायर करने की बात भी कही थी।
दरअसल यह पूरा विवाद भी भारद्वाज के इंटरव्यू के उसी वीडियो के वायरल होने के बाद शुरू हुआ था, जिसमें वह CJP के धरना-प्रदर्शन के दौरान निशु के पिता के साथ की गई मारपीट की घटना को बड़े गर्व के साथ बताते हुए नजर आया था। उसका बड़बोलापन आखिरकार उसी पर भारी पड़ गया।

