
गुरुग्राम में ओल्ड रेलवे रोड पर एलिवेटेड मेट्रो और फ्लाईओवर बनाने को होगा सर्वे, क्या है प्लान
गुरुग्राम में ओल्ड रेलवे रोड पर एलिवेटेड मेट्रो रूट और फ्लाईओवर निर्माण की संभावना तलाशने के लिए सर्वेक्षण किया जाएगा। इस रोड की चौड़ाई काफी कम होने से इन दोनों परियोजनाओं को एलिवेटेड बनाना संभव नहीं है।
गुरुग्राम में ओल्ड रेलवे रोड पर एलिवेटेड मेट्रो रूट और फ्लाईओवर निर्माण की संभावना तलाशने के लिए सर्वेक्षण किया जाएगा। इस रोड की चौड़ाई काफी कम होने से इन दोनों परियोजनाओं को एलिवेटेड बनाना संभव नहीं है।
जीएमडीए के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) पीसी मीणा की अध्यक्षता में सोमवार को बैठक हुई। हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचएमआरटीसी) ने भोंडसी से लेकर रेलवे स्टेशन तक एलिवेटेड मेट्रो निर्माण की योजना बनाई है। वहीं गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने मेट्रो रूट में आ रहे राजीव चौक से लेकर चिंतपूर्णी मंदिर तक ओल्ड रेलवे रोड पर फ्लाईओवर निर्माण की योजना बनाई है। सोहना चौक स्थित हरीश बेकरी से लेकर शिवमूर्ति तक सड़क की चौड़ाई बहुत कम है।
बैठक में जीएमडीए के सीईओ ने कहा कि एचएमआरटीसी, जीएमआरएल और जीएमडीए का मकसद ओल्ड गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम को कम करना है। इन दोनों परियोजनाओं का निर्माण आवश्यक है। मीणा ने इस बात पर जोर दिया कि दीर्घकालिक और टिकाऊ शहरी परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने व ओल्ड गुरुग्राम को प्रभावी रूप से जाम मुक्त करने के लिए मेट्रो अवसंरचना की योजना प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के साथ समन्वय में की जानी चाहिए।
भविष्य में बढ़ने वाले सड़क यातायात की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त सड़क अवसंरचना विकसित करने हेतु राइट ऑफ वे सुरक्षित रखने पर विशेष जोर दिया गया।
जीएमडीए की योजना है कि राजीव चौक से लेकर चिंतपूर्णी मंदिर, शीतला माता रोड होते हुए अतुल कटारिया चौक तक एलिवेटेड रोड तैयार किया जाए। इसमें प्रवेश और निकासी द्वार बनाए जाएं।
राजीव चौक से लेकर चिंतपूर्णी मंदिर तक की सड़क (ओल्ड रेलवे रोड) भोंडसी से लेकर रेलवे स्टेशन मेट्रो के बीच में आ रही है। इसकी डीपीआर तैयार करने के लिए जीएमडीए ने टेंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया को शुरू किया हुआ है। जल्द यह फाइनल हो जाएगा।
रेलवे स्टेशन मेट्रो को भूमिगत नहीं कर सकते
सूत्रों के मुताबिक मेट्रो अधिकारियों ने बैठक में बताया कि भोंडसी से रेलवे स्टेशन तक मेट्रो भूमिगत नहीं कर सकते। यह एलिवेटेड बनाई जाएगी। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो एलिवेटेड है। दोनों मेट्रो का इंटरचेंज स्टेशन सेक्टर-पांच में बनना है। दोनों मेट्रो रूट का मेट्रो डिपो सेक्टर-33 में एक ही होगा। इसके निर्माण पर करीब 409 करोड़ की लागत आएगी। यदि मेट्रो को भूमिगत किया जाता है तो एक और मेट्रो डिपो बनाना पड़ेगा। सेक्टर-5 में इंटरचेंज स्टेशन बनाने के लिए अतिरिक्त जमीन की जरूरत पड़ेगी।
बैठक में कौन-कौन रहा शामिल
बैठक में एचएमआरटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे, जीएमडीए के मुख्य नगर योजनाकार संजीव मान, अधीक्षक अभियंता फैजल इब्राहिम, सुधीर रनसीवाल, कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा, जीएमआरएल के निदेशक एसआर सांगवा, प्रधान सलाहकार एसडी शर्मा आदि मौजूद थे।





