त्योहार मनाएं, लेकिन पटाखों के लिए समय तय करें; दिल्ली-NCR में आतिशबाजी पर SC
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार स्वत: संज्ञान लेते हुए दिल्ली-NCR में पटाखे चलाने के मुद्दे पर सुनवाई की। शीर्ष अदालत ने कहा कि पाबंदी लगाने पर विचार करते समय धार्मिक भावनाओं और पब्लिक हेल्थ से जुड़ी चिंताओं के बीच संतुलन बनाना होगा।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दिल्ली-NCR में पटाखों पर पाबंदी लगाते समय धार्मिक भावनाओं और जन स्वास्थ्य के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। शीर्ष अदालत ने माना कि केवल पाबंदी वाले आदेशों पर निर्भर रहने के बजाय लोगों को खुद कम प्रदूषण फैलाने वाले तरीके अपनाने चाहिए। अदालत ने यह भी कहा कि जागरूकता ही इसका सबसे प्रभावी उपाय है। कोर्ट ने जबरन प्रतिबंध लागू करने की चुनौतियों को देखते हुए तय समयसीमा तक आतिशबाजी का सुझाव दिया।
खुद ही कम पलूशन के तरीके अपनाएं लोग
सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने सोमवार को कहा कि वह धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाना चाहती है। दिल्ली-NCR में पटाखों पर पाबंदी लगाते समय धार्मिक भावनाओं और जन स्वास्थ्य के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। लोगों को अदालती आदेशों पर निर्भर रहने के बजाय त्योहार मनाने के लिए खुद ही कम प्रदूषण वाले तरीके अपनाने चाहिए।
धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाएंगे
शीर्ष अदालत ने नागरिकों को पटाखों के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूक करने और सुरक्षित तरीकों के चलन को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया। CJI ने कहा- हम धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाएंगे, लेकिन लोगों को खुद आगे आकर इसे अपनाना चाहिए। पूरी प्रक्रिया में संतुलन बनाने वाला नजरिया होना चाहिए। नागरिकों और सिविल सोसाइटी के बीच जागरूकता ही आगे बढ़ने का सबसे असरदार तरीका है।
स्वतः संज्ञान लेकर सुनवाई
सर्वोच्च अदालत ने दिल्ली-NCR में पलूशन से जुड़े मामलों (जैसे पटाखे, पराली जलाना और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) पर स्वतः संज्ञान लेते हुए सुनवाई की। सुनवाई के दौरान जस्टिस बागची ने कहा कि पटाखे फोड़ने में धार्मिक क्या है? बेंच की मदद कर रहीं एमिकस क्यूरी (अदालत की सहायता करने वाली वकील) अपराजिता सिंह ने पलूशन से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों का जिक्र किया। सीनियर वकील सिंह ने खासकर बच्चों, बुज़ुर्गों और कमजोर स्वास्थ्य वाले लोगों का हवाला दिया।
पाबंदियां के मुद्दे पर किया आगाह
हालांकि बेंच ने ऐसी पाबंदियां लगाने के खिलाफ आगाह किया जिनको जमीन पर लागू करना कठिन हो सकता है। अदालत ने कहा कि हमें कोई भी आदेश जारी करते समय बहुत सावधान रहना होगा। खासकर तब तक जब तक कि हम उसे लागू करने की स्थिति में न हों। आम लोग अक्सर पाबंदी वाले निर्देशों को जबरदस्ती की कार्रवाई के तौर पर देखते हैं। CJI ने व्यावहारिक नजरिए को अपनाने की जरूरत बताई।
त्योहार मनाएं लेकिन पटाखे के लिए समय तय हो
CJI ने कहा कि लोगों से अपील करने के लिए काफी समय है कि वे त्योहार अपनी पसंद के तरीके से मनाएं लेकिन पटाखे जलाने के लिए समय निर्धारित रखा जाना चाहिए, जैसा कि पहले भी किया गया है। इतना ही नहीं, सर्वोच्च अदालत ने कम पलूशन फैलाने वाले विकल्पों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। अदालत ने ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने के उपायों पर भी चर्चा की।
तय समय का पालन करने का भी सुझाव
सीजेआई ने कहा कि हमें लोगों को जागरूक बनाना होगा और बताना होगा कि कौन से पटाखे अधिक नुकसानदायक हैं? मुख्य न्यायाधीश ने दीये जलाने और फुलझड़ी का इस्तेमाल करने जैसे पारंपरिक तरीकों को बढ़ावा देने का भी सुझाव दिया। उन्होंने ज्यादा पलूशन फैलाने वाले हानिकारक पटाखों पर रोक लगाने की बात कही। बेंच ने लोगों को कम पटाखे जलाने और प्रदूषण रोकने के लिए तय समय का पालन करने के प्रति जागरूक करने का भी सुझाव दिया।
पराली की बिक्री के लिए बाजार पर जोर
सुप्रीम कोर्ट ने संकेत दिया कि इस मुद्दे पर सुझाव सीएक्यूएम के सामने रखे जा सकते हैं। सुनवाई में पराली जलाने से रोकने के उपायों पर चर्चा हुई। जस्टिस बागची ने कुछ प्रस्तावों का जिक्र किया। इन प्रस्तावों में फसल के अवशेष खरीदने की बात कही गई। इनके कमर्शियल इस्तेमाल की संभावना तलाशने को भी कहा गया। सीजेआई ने कहा कि फसल के अवशेषों की कमर्शियल वैल्यू बढ़ गई है। इससे किसानों को फायदा हो सकता है। इसके लिए बाजार विकसित किए जाने चाहिए।

