सुखोई-30 क्रैश: IAF पायलट अनुज की जल्द होने वाली थी शादी, मौत से गुरुग्राम में घर पर कोहराम
भारतीय वायु सेना का एक शक्तिशाली लड़ाकू विमान सुखोई-30 MKI असम के कार्बी आंगलोंग इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे ने देश के दो जांबाज पायलटों, स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुर्वेश दुरगकर शहीद हो गए। अनुज गुरुग्राम के रहने वाले थे।

भारतीय वायु सेना का एक शक्तिशाली लड़ाकू विमान सुखोई-30 MKI असम के तेजपुर वायुसेना स्टेशन से नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान कार्बी आंगलोंग इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे ने देश के दो जांबाज पायलटों, स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुर्वेश दुरगकर शहीद हो गए। अनुज गुरुग्राम के रहने वाले थे और जल्द ही अनकी शादी होने वाली थी।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ की शहादत की खबर मिलते ही गुरुग्राम के सेक्टर-22 स्थित उनके घर पर मातम पसर गया और पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। यह हादसा परिवार के लिए और भी हृदयविदारक इसलिए है क्योंकि अभिनव के घर में उनकी शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिजनों के अनुसार, अगले कुछ ही महीनों में उनकी शादी होने वाली थी और परिवार उत्सव के माहौल में डूबा हुआ था। घर में मेहमानों की लिस्ट तैयार हो रही थी और खुशियों का ठिकाना नहीं था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। पिता अपने जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजता देखने का सपना देख रहे थे, आज उसी बेटे का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान ने गुरुवार करीब 10:30 बजे असम के तेजपुर एयरबेस से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के लगभग आधे घंटे बाद ही रडार से इसका संपर्क टूट गया। काफी घंटों तक चले गहन तलाशी अभियान के बाद, तेजपुर से लगभग 60 किलोमीटर दूर घने जंगलों में विमान का मलबा बरामद हुआ। वायुसेना के अधिकारियों ने पुष्टि की कि दोनों पायलट विमान से सुरक्षित इजेक्ट (Eject) नहीं कर पाए और ऑन-ड्यूटी वीरगति को प्राप्त हुए।
जांच के आदेश
भारतीय वायुसेना ने इस गंभीर हादसे की गहराई से जांच करने के लिए 'कोर्ट ऑफ इंक्वायरी' के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक रिपोर्टों में तकनीकी खराबी या खराब मौसम की आशंका जताई जा रही है, लेकिन सटीक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर जताया दुख
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘’सुखोई-30 क्रैश में स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुर्वेश दुरगकर के जाने से बहुत दुख हुआ। देश के लिए उनकी हिम्मत और सेवा को हमेशा गर्व और आभार के साथ याद किया जाएगा। दुखी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। दुख की इस घड़ी में देश उनके साथ मजबूती से खड़ा है।


