दूसरे के साथ एक्स गर्लफ्रेंड का घूमना बर्दाश्त नहीं हुआ, चाकू घोंपकर लड़के को मार डाला
दिल्ली में 15 साल के एक लड़के को गर्लफ्रेंड के साथ घूमने की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। तीन नाबालिग लड़कों ने चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। मृतक अपने घर का इकलौता बेटा था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीन आरोपियों को दबोचकर बाल सुधार गृह भेज दिया है। एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

दिल्ली के नांगलोई इलाके में गुरुवार दोपहर को तीन नाबालिगों ने 15 साल के किशोर की चाकू से वारकर हत्या कर दी। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ घूम रहा था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गर्लफ्रेंड के साथ घूमने पर टिप्पणी के दौरान विवाद होने पर हत्या की गई है। मृतक की पहचान ध्रुव के तौर पर हुई है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन नाबालिगों को दबोच लिया है।
जानकारी के अनुसार, ध्रुव परिवार सहित राव विहार नांगलोई में रहता था। वह स्थानीय सरकारी स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। पुलिस ने बताया कि वह गुरुवार दोपहर को अपने सहपाठी अमन और स्कूल की दसवीं की छात्रा के साथ घूम रहा था। अभी वे भूतों वाली गली से गुजर रहे थे तभी तीन नाबालिग सामने से आते हुए दिखाई दिए।
इन तीनों नाबालिगों में से एक से ध्रुव की पहले भी कहासुनी हो चुकी थी। दरअसल, दसवीं की छात्रा पहले पड़ोस में रहने वाले नाबालिग से प्रेम संबंध में थी। दोनों की दोस्ती के चर्चे पूरे राव विहार में था। इस बीच छात्रा की दोस्ती अपने स्कूल में एक साल जूनियर ध्रुव से हो गई।
गर्लफ्रेंड के छोड़कर जाने से नाराज होकर नाबालिग कई बार ध्रुव से भिड़ चुका था। इसलिए गुरुवार दोपहर जब वे तीनों पास से गुजरे तो नाबालिग ने पूर्व गर्लफ्रेंड को देखकर उसे ध्रुव के साथ घूमने के लिए टोका। इस बात पर दोनों पक्षों में बहस हो गई। इसके बाद नाबालिग अपने दोनों दोस्तों के साथ चला गया। फिर ध्रुव अपनी गर्लफ्रेंड और दोस्त के साथ घर की तरफ चला गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों नाबालिग दोबारा लौटे। इस बीच ध्रुव अपने दोस्त अमन के साथ घूम रहा था। जब नाबालिग उसके पास आया तो ध्रुव ने कहा कि देख तेरी गर्लफ्रेंड अब मेरे साथ घूम रही है। इसी बात पर दोनों की लड़ाई हो गई। नाबालिग के दोनों दोस्तों ने ध्रुव को पकड़ा। फिर नाबालिग ने दाईं जांघ पर चाकू मार दिया और फरार हो गए।
अमन ने ध्रुव के चचेरे भाई दीपांशु को घटना की सूचना दी। दोनों ई-रिक्शा से घायल को अस्पताल ले गए, जहां अत्यधिक रक्तस्त्राव के कारण उसकी मौत हो गई। अस्पताल से घटना की सूचना पुलिस को दी गई। शुक्रवार को शव के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा। एसएचओ पवन तोमर की टीम ने सीसीटीवी की फुटेज की मदद से तीन आरोपियों को दबोचकर बाल सुधार गृह भेजा। एक की तलाश जारी है।
ध्रुव के पिता मजदूरी करते हैं और काफी समय से परिवार से अलग रहते हैं। ध्रुव की मां लक्ष्मी देवी अपने इकलौते बेटे को पाल रही थीं। वह उनके जीने का एकमात्र सहारा था। इस हत्या के बारे गली में मातम पसर गया। आरोपी भी इसी इलाके के रहने वाले हैं।


